पूर्वी, मध्य और उत्तर-पश्चिमी भारत में भीषण गर्मी वाले दिन अधिक रहने की आशंका : आईएमडी - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 31 मार्च 2026

पूर्वी, मध्य और उत्तर-पश्चिमी भारत में भीषण गर्मी वाले दिन अधिक रहने की आशंका : आईएमडी

Heat-wave-india
पूर्वी, मध्य और उत्तर-पश्चिमी भारत के कुछ हिस्सों तथा दक्षिण-पूर्वी प्रायद्वीप में अप्रैल से जून के बीच भीषण गर्मी वाले दिनों की संख्या सामान्य से अधिक रहने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को अपने मासिक पूर्वानुमान में यह बात कही। आईएमडी के मुताबिक, अप्रैल से जून के बीच देश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य या सामान्य से कम रहने का अनुमान है। विभाग ने बताया कि पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों तथा मध्य भारत के पूर्वी भागों और उससे सटे प्रायद्वीपीय क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।


आईएमडी के अनुसार, गर्मी के मौसम (अप्रैल-मई-जून) के दौरान महाराष्ट्र और तेलंगाना के कुछ इलाकों को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है। विभाग ने कहा कि अप्रैल में देश के कई हिस्सों में मासिक अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है। हालांकि, आईएमडी ने कहा कि अप्रैल में पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत के कई हिस्सों तथा उत्तर-पश्चिमी भारत और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत के कुछ हिस्सों में मासिक अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है। विभाग ने बताया कि देश के अधिकांश हिस्सों में मासिक न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है, सिवाय दक्षिणी प्रायद्वीप के कुछ क्षेत्रों के, जहां अप्रैल के दौरान मासिक न्यूनतम तापमान सामान्य रहने का अनुमान है। आईएमडी ने कहा कि अप्रैल में देश में औसतन सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। विभाग ने कहा, “पूर्वोत्तर भारत को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश होने का अनुमान है। पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में सामान्य से कम वर्षा होने की आशंका है।”

कोई टिप्पणी नहीं: