- विजेता टीम को 51 हजार और उपविजेता टीम को 31 हजार की नगद राशि भेंट की

सीहोर। शहर के बीएसआई मैदान पर नगर सेठ स्व. श्री गेंदालाल राय स्मृति लेदर बाल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता में देश के 16 श्रेष्ठ टीमों ने भाग लिया। मंगलवार को प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सीसीए और सेंचुरियन क्रिकेट अकादमी के मध्य खेला गया। जिसमें सेंचुरियन टीम ने सीसीए को 85 रन के विशाल अंतर से हराया। प्रतियोगिता के फाइनल मैच में सेंचुरियन की ओर से सचिन राव ने 44 गेंद पर 81 रन की विस्फोटक पारी के अलावा हरफनमौला खिलाड़ी अतुल कुशवाहा ने 22 रन और चार विकेट हासिल किए। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद वरिष्ठ समाजसेवी अखिलेश राय, डीसीए के सचिव अतुल तिवारी, कोषाध्यक्ष वीरु वर्मा, आयोजन समिति की ओर से अतुल त्रिवेदी ने विजेता टीम को 51 हजार रुपए, उप विजेता टीम को 31 हजार रुपए के अलावा ट्राफी प्रदान की। मंगलवार को पहले बल्लेबाजी करने उतरी सेंचुरियन क्रिकेट अकादमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 172 रन बनाए थे। इसमें सचिन राव ने 44 गेंद पर 81 रन, अतुल कुशवाहा ने 16 गेंद पर 22 रन, आदित्य सिंह ने 15 रन बनाए थे। वहीं सीसीए की ओर से गेंदबाजी करते हुए प्रताप ने चार विकेट, मोहित ने तीन विकेट, राज ने दो विकेट ओर उमंग ने एक विकेट हासिल किया।
मात्र 87 रन पर ढेर हो गई सीसीए
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीसीए टीम 14.2 ओवर में मात्र 87 रन पर सिमट गई। इसमें दिव्यांश साहू ने 17 गेंद पर 29 रन और श्रीवास ने 38 रन की पारी खेली। इधर सेंचुरियन क्रिकेट अकादमी की ओर से गेंदबाजी करते हुए अतुल कुशवाहा ने चार ओवर में मात्र 15 रन देकर चार विकेट, आदित्य-अविनाश ने दो-दो विकेट के अलावा आकाश-तरुण ने एक-एक विकेट हासिल किया।
इन खिलाड़ियों को मिला पुरस्कार
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी अखिलेश राय ने खिलाड़ियों को संबोधित किया और पहले सेमीफाइनल मैच के मैन आफ द मैच सीसीए के नीरज गिरोवर, दूसरे सेमीफाइनल मैच के सेंचुरियन टीम के खिलाड़ी सचिन राव, श्रेष्ठ बल्लेबाज अतुल कुशवाहा जिन्होंने पांच मैच में 335 रन, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार सीसीए के प्रताप सिंह जिन्होंने पांच मैच में 13 विकेट और मैन आफ द सीरिज का पुरस्कार अतुल कुशवाहा जिन्होंने चार विकेट के अलावा 335 रन बनाए थे उनको प्रदान किया। इस मौके पर पीपीसीए और आयोजन समिति की ओर से अतुल त्रिवेदी, मोहनिश त्रिवेदी, अभिषेक परसाई, राकेश धनगर, आदर्श राय आदि ने प्रदान किया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें