- युवा देश को विश्व में सर्वश्रेष्ठ बनाएं : डॉ. गदिया

ग़ाज़ियाबाद (रजनीश के झा), 24 मार्च। शहीदे आजम भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव की याद में वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में आयोजित शहीद दिवस पर हाल ही में जम्मू-कश्मीर में शहीद हुए सूबेदार मेजर संदीप ढाका के परिवार को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गदिया ने छात्र-छात्राओं को शहीदों के आदर्श अपनाकर समाज व देश को विश्व में सर्वश्रेष्ठ बनाने की बात पर बल दिया। उन्होंने कहा कि शहीद दिवस पूरे देश में जागृति के साथ मनाया जाना चाहिये। अधिकारों से अधिक हमें अपने कर्तव्यों पर ध्यान देना होगा। जब तक आम नागरिक में त्याग और तपस्या की ललक पैदा नहीं होगी, हमारे देश का इतिहास समृद्ध नहीं होगा। डॉ .अशोक कुमार गदिया ने कहा कि युवा देश के लिए जीना सीखें। जो शहीदों के बलिदान से नसीहत नहीं लेते, उन युवाओं का देश कभी तरक्की नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि अपनी प्रगति जरूर करो लेकिन देश व समाज के उत्थान की भी चिंता करो। जागरूक इंसान बनो। मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की निदेशिका डॉ. अलका अग्रवाल ने कहा कि नौजवान समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने के लिए दृढ़ संकल्पित हों। क्रांतिकारियों के किये गये कार्यों को अपनाकर देशहित में अपना सर्वस्व न्योछावर करने की भावना को बलवान बनाएं। मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की ओर से शहीद दिवस के मौके पर शहीद संदीप ढाका के छोटे भाई टिंकार ढाका, विपिन ढाका, विनय ढाका सहित परिवार के पांच सदस्यों को शॉल, स्मृति चिह्न, सम्मान पत्र व नकद राशि भेंटकर सम्मानित किया। इंस्टीट्यूशंस के छात्र-छात्राओं रितु, अमन पांडे, अदिति, मानसी, ऐश्वर्या, देव, प्राची, मानवी, आस्था, ज्योति एंड ग्रुप आदि ने कविता, सम्भाषण, गीत और आकर्षक स्लागनों के जरिये पूरे माहौल को देशभक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस का तमाम शिक्षण स्टाफ व विद्यार्थी मौजूद थे। कार्यक्रम का सफल शशांक एवं तृप्ति ने किया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें