- स्वच्छता पखवाड़ा के तहत जयनगर में वृक्षारोपण कार्यक्रम, कमला नदी तट पर लगाए गए 50 पौधे

मधुबनी (रजनीश के झा), 25 मार्च। जिला गंगा समिति (नमामि गंगे), मधुबनी द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत आज जयनगर में वन विभाग के सहयोग से वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और नदी तटों के हरितीकरण के उद्देश्य से कमला नदी के किनारे तथा नदी के समीप स्थित राम-जानकी मंदिर परिसर में महोगनी, कटहल, आंवला सहित कुल 50 फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। इस अवसर पर जिला गंगा समिति (नमामि गंगे), मधुबनी के डीपीओ आनंद अंकित ने कहा कि स्वच्छता पखवाड़ा के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नदियों के किनारे वृक्षारोपण से पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है, साथ ही यह नदी तटों के संरक्षण और भू-क्षरण को रोकने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने स्थानीय लोगों से पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। वन विभाग के उप परिसर पदाधिकारी (वनरक्षी) विवेक कुमार ने कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि नदी तटों और सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जा रहे पौधे भविष्य में पर्यावरण को संतुलित रखने के साथ-साथ स्थानीय जैव विविधता को भी मजबूत करेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करें ताकि वे बड़े होकर समाज और पर्यावरण के लिए लाभकारी सिद्ध हों। इस मौके पर केटल गार्ड उदय चंद्र झा, मनीष रंजन दास, जयनगर के पूर्व प्रमुख चंद्रकेतु उर्फ पप्पू चौरीवार, अन्नपूर्णा कैंटीन के अमित कुमार, अधिवक्ता दिलीप झा, महंत बालक दास, अंकित कुमार यादव, राम अशीष यादव, दुलार चन्द्र पासवान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें