दिल्ली : सिविल सेवा परीक्षा में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले अनुज अग्निहोत्री ने प्राप्त किए 52.88 प्रतिशत अंक - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 10 मार्च 2026

दिल्ली : सिविल सेवा परीक्षा में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले अनुज अग्निहोत्री ने प्राप्त किए 52.88 प्रतिशत अंक

Upsc-result
नई दिल्ली (रजनीश के झा)। संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले राजस्थान के जोधपुर स्थित एम्स से स्नातक अनुज अग्निहोत्री ने 52.88 प्रतिशत अंकों के साथ 1,071 अंक प्राप्त किए। आयोग द्वारा मंगलवार को जारी अंकों के विवरण में यह जानकारी सामने आई है। इस परीक्षा में कुल 958 उम्मीदवार (659 पुरुष और 299 महिलाएं) उत्तीर्ण हुए और परिणाम शुक्रवार को घोषित किए गए। सिविल सेवा परीक्षा प्रतिवर्ष प्रारंभिक, मुख्य और साक्षात्कार तीन चरणों में आयोजित की जाती है। इस परिक्षा के माध्यम से भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) आदि के लिए अधिकारियों का चयन किया जाता है। शीर्ष स्थान हासिल करने वाले अग्निहोत्री ने कुल 1,071 अंक प्राप्त किए। अग्निहोत्री ने मुख्य लिखित परीक्षा में 867 और साक्षात्कार में 204 अंक हासिल किये। कुल 2,025 अंकों में से लिखित या मुख्य परीक्षा 1,750 अंकों की और साक्षात्कार 275 अंकों का होता है। अग्निहोत्री (26 वर्ष) ने राजस्थान के जोधपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्वेद विज्ञान संस्थान (एम्स)से एमबीबीएस (बैचलर ऑफ मेडिसिन एंड बैचलर ऑफ सर्जरी) किया है। द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली राजेश्वरी सुवे एम. ने 52.69 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। उन्होंने 1,067 अंक प्राप्त किए, जिसमें लिखित परीक्षा में 865 और साक्षात्कार में 202 अंक शामिल हैं।


चेन्नई के अन्ना विश्वविद्यालय से ‘इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग’ में स्नातक (बीई) की डिग्री प्राप्त राजेश्वरी (28) ने समाजशास्त्र को वैकल्पिक विषय के रूप में चुनकर अपने पांचवें प्रयास में दूसरा स्थान प्राप्त किया। तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले अकांश ढुल ने 52.19 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। उन्हें कुल 1,057 अंक मिले, जिसमें लिखित परीक्षा में 864 और साक्षात्कार में 193 अंक शामिल हैं। चौथा और पांचवां स्थान प्राप्त करने वाले राघव झुनझुनवाला और ईशान भटनागर को क्रमशः 51.45 प्रतिशत और 51.25 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए। दिल्ली विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक (बीए) की डिग्री प्राप्त करने वाले झुनझुनवाला ने 1,042 अंक प्राप्त किए (लिखित परीक्षा में 847 और साक्षात्कार में 195)। दिल्ली के राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय से बीए एलएलबी (ऑनर्स) की डिग्री प्राप्त करने वाले भटनागर ने 1,038 अंक प्राप्त किए (मुख्य परीक्षा में 823 और साक्षात्कार में 215)। सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा, 2025 पिछले वर्ष 25 मई को आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के लिए कुल 9,37,876 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 5,76,793 उम्मीदवार वास्तव में परीक्षा में शामिल हुए थे।

कोई टिप्पणी नहीं: