मधुबनी : ग्रामीण सड़कों के सुदृढ़ीकरण में जिला राज्य में अव्वल जिलों में शामिल। - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 11 मार्च 2026

मधुबनी : ग्रामीण सड़कों के सुदृढ़ीकरण में जिला राज्य में अव्वल जिलों में शामिल।

  • 656 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों का मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य पूरा।बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीण अर्थव्यवस्था और जनजीवन को मिल रही गति।

Rural-road-madhubani
मधुबनी (रजनीश के झा), 11मार्च। जिला ग्रामीण सड़कों के मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण के कार्य में राज्य के अग्रणी जिलों में शामिल हो गया है। ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष ग्रामीण सड़कों के सुदृढ़ीकरण में मधुबनी जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। ग्रामीण कार्य विभाग के अनुसार, राज्यभर में कुल 18 हजार 21 ग्रामीण पथों के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई थी, जिनकी कुल लंबाई लगभग 30 हजार 848 किलोमीटर है। इनमें से अब तक 10 हजार 73 किलोमीटर सड़कों के सुदृढ़ीकरण का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इन कार्यों में मधुबनी जिले ने भी महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए 656 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों का सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्य पूरा किया है। इस उपलब्धि के साथ मधुबनी जिला राज्य के अग्रणी जिलों में शामिल हो गया है। ग्रामीण सड़कों के सुदृढ़ीकरण से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर हुई है। इससे किसानों, छात्रों, व्यवसायियों तथा आम नागरिकों को काफी सहूलियत मिल रही है। साथ ही गांवों को प्रखंड एवं जिला मुख्यालय से जोड़ने में भी सड़कों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जिससे सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है। इस संबंध में जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को मजबूत करना है। इसी दिशा में ग्रामीण सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के साथ क्रियान्वित किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए शेष कार्यों को भी शीघ्र पूरा किया जाए। जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीण विकास एवं आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं: