- जीआरपी की चेकिंग में पकड़ा गया कॉस्मेटिक कारोबारी, 10 से 200 रुपये तक के नोटों से भरे थे बैग

वाराणसी (सुरेश गांधी)। शहर के व्यस्ततम वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जीआरपी की नियमित चेकिंग के दौरान एक यात्री के पास से करीब 16 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। खास बात यह रही कि पूरी रकम छोटे नोटों—10, 20, 50, 100 और 200 रुपये—में थी, जिसे देखकर पुलिसकर्मी भी चौंक गए। जानकारी के अनुसार, जीआरपी टीम प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जब पुलिस ने उसे रोका और पूछताछ की, तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद उसके सामान—सूटकेस, बैग और एक बोरे—की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस के होश उड़ गए। तीनों बैगों में ठूंस-ठूंसकर भरे छोटे नोटों की गड्डियां मिलीं, जिनकी कुल राशि लगभग 16 लाख रुपये आंकी गई। इतनी बड़ी रकम छोटे नोटों में मिलने से मामला और भी संदिग्ध हो गया। वाराणसी कैंट स्टेशन पर बरामद यह बड़ी नकदी न केवल सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ा मामला बन गई है, बल्कि यह भी सवाल खड़े कर रही है कि आखिर इतनी भारी रकम छोटे नोटों में क्यों और किस मकसद से ले जाई जा रही थी। आने वाली जांच में इस पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
कारोबारी निकला यात्री
प्राथमिक पूछताछ में सामने आया कि पकड़ा गया व्यक्ति कॉस्मेटिक का कारोबारी है। उसने दावा किया कि यह रकम उसके व्यापार से जुड़ी है, लेकिन वह इसके संबंध में कोई ठोस दस्तावेज या संतोषजनक विवरण नहीं दे सका।
जांच एजेंसियां सतर्क
जीआरपी ने तत्काल नकदी को कब्जे में लेकर मामले की सूचना आयकर विभाग को दे दी है। अब यह जांच की जा रही है कि यह पैसा किसी टैक्स चोरी, अवैध लेनदेन या अन्य संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ा तो नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचकर पूछताछ कर रही है। नकदी की गिनती और स्रोत की जांच जारी है। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें