वाराणसी : काशी की कंदराओं में गूंजा ‘हिंदू राष्ट्र’ का स्वर : आस्था, विवाद और सवालों के बीच शास्त्री का संदेश - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 21 अप्रैल 2026

वाराणसी : काशी की कंदराओं में गूंजा ‘हिंदू राष्ट्र’ का स्वर : आस्था, विवाद और सवालों के बीच शास्त्री का संदेश

  • ज्ञानवापी से लेकर राष्ट्र की अवधारणा तक, बागेश्वर पीठाधीश्वर के बयान ने फिर छेड़ी बहस

Hindu-rashtra-kashi
वाराणसी (सुरेश गांधी)। सनातन की अनादि नगरी काशी, जहां हर श्वास में इतिहास और हर आहट में आस्था बसती है, वहीं एक बार फिर वैचारिक तरंगों का ज्वार उठ खड़ा हुआ। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के काशी प्रवास के दौरान दिया गया बयान अब केवल धार्मिक अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि राष्ट्रीय विमर्श का केंद्र बनता जा रहा है। एक समारोह में काशी आएं शास्त्री ने जहां काशी विश्वनाथ मंदिर की महिमा का गुणगान किया, वहीं ज्ञानवापी परिसर को लेकर दिए गए उनके कथन ने एक बार फिर इतिहास, न्याय और राजनीति के त्रिकोण को जीवंत कर दिया।


“कलंक हटेगा, अभिषेक होगा” - ज्ञानवापी पर आस्था का उद्घोष

शास्त्री ने कहा “बाबा विश्वनाथ के समीप जो कलंक लगा है, वह अधिक समय तक नहीं टिकेगा।” उनके अनुसार न्यायालय शीघ्र निर्णय देगा और उसी स्थान पर “अभिषेक” होगा, जहां आज विवाद की रेखाएं खिंची हुई हैं। यह कथन केवल एक धार्मिक विश्वास नहीं, बल्कि उस दीर्घकालिक विवाद की ओर संकेत है, जो सदियों से काशी की पहचान के साथ जुड़ा हुआ है। यहां आस्था और इतिहास आमने-सामने खड़े दिखाई देते हैं, जहां एक पक्ष इसे सनातन की पुनर्स्थापना मानता है, तो दूसरा इसे सामाजिक संतुलन के लिए चुनौती के रूप में देखता है।


काशी की उदारता : सहअस्तित्व का जीवंत उदाहरण

शास्त्री ने काशी को “उदारता का सर्वोच्च प्रतीक” बताया। उन्होंने कहा कि यहां हिंदू और मुस्लिम समुदाय साथ रहते हैं और परस्पर आर्थिक-सामाजिक संबंधों में जुड़े हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि मंदिरों के आसपास मुस्लिम दुकानदारों की उपस्थिति इस सहअस्तित्व की जीवंत मिसाल है। यह टिप्पणी उस गंगा-जमुनी तहजीब की ओर इशारा करती है, जिसने काशी को केवल धार्मिक ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक राजधानी भी बनाया है।


“हिंदू राष्ट्र” की पुकार, विचार या विवाद?

अपने भाषण के सबसे चर्चित हिस्से में शास्त्री ने “हिंदू राष्ट्र” की अवधारणा को मुखर किया। उन्होंने कहा कि जब दुनिया में मुस्लिम, ईसाई और यहूदी देशों का अस्तित्व है, तो “हिंदुओं का राष्ट्र क्यों नहीं हो सकता?” हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत में सभी धर्मों के लोगों को साथ रहना हैकृ“कायदे में रहेंगे तो फायदे में रहेंगे।” यह बयान भारतीय संविधान की मूल भावना, धर्मनिरपेक्षता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के बीच चल रही बहस को फिर से तेज करता है। एक ओर जहां इसे बहुसंख्यक भावनाओं की अभिव्यक्ति माना जा रहा है, वहीं दूसरी ओर यह अल्पसंख्यकों की आशंकाओं को भी जन्म देता है।


काशी : जहां हर विचार बनता है विमर्श

काशी केवल मंदिरों और घाटों का शहर नहीं, बल्कि विचारों की प्रयोगशाला भी है। यहां उठी हर आवाज देशव्यापी चर्चा का रूप ले लेती है। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का यह बयान भी उसी परंपरा का हिस्सा है, जहां धर्म, राजनीति और समाज एक-दूसरे से टकराते भी हैं और संवाद भी करते हैं।


आस्था बनाम संवैधानिक संतुलन

इस पूरे प्रकरण को केवल एक भाषण या विवाद के रूप में देखना पर्याप्त नहीं होगा। यह उस गहरे द्वंद्व का प्रतीक है, जिसमें एक ओर सांस्कृतिक अस्मिता की पुनर्स्थापना की आकांक्षा है, तो दूसरी ओर संविधान द्वारा स्थापित बहुलतावादी ढांचा। भारत की शक्ति उसकी विविधता में निहित है। काशी इसका जीवंत उदाहरण है, जहां मंदिर की घंटियां और अज़ान की आवाजें साथ गूंजती हैं। ऐसे में किसी भी विचार को आगे बढ़ाते समय यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि सामाजिक संतुलन और सद्भावना बनी रहे।


काशी की आत्मा क्या कहती है?

काशी की आत्मा संघर्ष नहीं, समन्वय की पक्षधर रही है। यहां हर विचार को स्थान मिला, लेकिन किसी एक विचार को सर्वोपरि नहीं बनाया गया। शास्त्री का बयान आस्था की अभिव्यक्ति है, लेकिन यह भी उतना ही सत्य है कि भारत की पहचान उसकी समावेशी प्रकृति में है। अब प्रश्न यह नहीं कि ‘क्या कहा गया’, बल्कि यह है कि ‘समाज उसे किस दिशा में ले जाता है’।  

कोई टिप्पणी नहीं: