सीहोर : सात दिवसीय श्रीराम कथा में उमड़ा आस्था का सैलाब, शिव-पार्वती विवाह का प्रसंग सुनाया - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 21 अप्रैल 2026

सीहोर : सात दिवसीय श्रीराम कथा में उमड़ा आस्था का सैलाब, शिव-पार्वती विवाह का प्रसंग सुनाया

  • भगवान शिव ने जगत के कल्याण के लिए किया मां पार्वती से विवाह-महंत डा. प्रज्ञा भारती

Ram-katha-sehore
सीहोर। शहर के जयंती कालोनी में श्री हनुमान मंदिर समिति के तत्वाधान में जारी  सात दिवसीय श्रीराम कथा के तीसरे दिन कथा व्यास राष्ट्रीय राम कथा व्यास मानस कोकिला महंत डॉ. भारती के द्वारा भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह प्रसंग का वर्णन सुनकर श्रोता भावविभोर हो उठे। शिव विवाह प्रसंग को इतनी भावपूर्ण शैली में प्रस्तुत किया कि पूरा पंडाल हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। मंदिर समिति के तत्वाधान में जारी भव्य श्री 21 कुण्डीय श्रीराम महायज्ञ प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव एवं श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। यहां पर प्रतिदिन सुबह पूर्ण विधि-विधान से साथ श्री-श्री 108 यज्ञ संचालक पंडित दुर्गाप्रसाद कटारे, समिति अध्यक्ष रुद्रप्रकाश राठौर, यज्ञाचार्य पंडित दीपक शास्त्री और पंडित अनिल शर्मा आदि के मार्गदर्शन में देव पूजन, हवन, पुष्पाधिवास, लताधिवास, फलाधिवास आदि का दिव्य अनुष्ठा निरंतर चल रहा है। वहीं दोपहर में श्रीराम कथा और रात्रि को महाकाल मंडल राम लीला उज्जैन के तत्वाधान में रामलीला का मंचन किया जा रहा है।


कथा के तीसरे दिन मंगलवार को महंत डॉ. प्रज्ञा भारती ने भगवान शिव विवाह का विस्तार से वर्णन करते हुए कहाकि सती के बाद शिव तपस्या में लीन हो गए। इसी दौरान सती ने हिमालय और मैना के यहां पार्वती के रूप में जन्म लिया। उस समय तारकासुर नाम का एक असुर देवताओं को भयभीत कर रहा था। उसे वरदान मिला था कि उसका वध केवल शिव की संतान ही कर सकती है। देवताओं ने शिव और पार्वती के विवाह की योजना बनाई। शिव की तपस्या भंग करने के लिए कामदेव को भेजा गया, लेकिन वह असफल रहे। देवताओं की विनती पर शिव विवाह के लिए तैयार हुए। शिव ने बारात में श्रृंगार की जगह शमशान की भस्म लगाई। यह संदेश था कि दुनिया के सभी श्रृंगार एक दिन समाप्त हो जाते हैं, लेकिन चिता की भस्म ही अंतिम सत्य है। शिव की बारात में देवता, दानव, गण और जानवर सभी शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने इस कथा को भाव विभोर होकर सुना। भगवान शिव की बारात में भूत पिशाच भी पहुंचे। ऐसी बारात को देखकर पार्वती जी की मां बहुत डर गईं और कहा कि वे ऐसे वर को अपनी पुत्री को नहीं सौंप सकती हैं। तब देवताओं ने भगवान शिव को परंपरा के अनुसार तैयार किया, सुंदर तरीके से श्रृंगार किया इसके बाद दोनों का विवाह सम्पन्न हुआ। कथा के दौरान शिवजी के विवाह का उत्सव कथा स्थल पर धूमधाम के साथ मनाया गया।


भव्य शोभा यात्रा और राम बारात 23 अपै्रल को

 श्री-श्री 108 यज्ञ संचालक पंडित दुर्गाप्रसाद कटारे, समिति अध्यक्ष रुद्रप्रकाश राठौर ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत बुधवार को कथा में भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव और 23 अपै्रल को सुबह देव पूजन, हवन महाभिषेक और उसके उपरांत भव्य शोभा यात्रा राम बारात निकाली जाएगी। बस स्टैंड क्षेत्र धर्ममय हो गया है। यहां पर सुबह से देर रात्रि तक दिव्य अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे है। पंडित श्री कटारे ने सभी श्रद्धालुओं से यज्ञ स्थल में पहुंचकर धर्मलाभ लेने की अपील की। 

कोई टिप्पणी नहीं: