वाराणसी : रील्स के दौर में रियल इतिहास : काशी में जीवंत हुआ विक्रमादित्य युग - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 4 अप्रैल 2026

वाराणसी : रील्स के दौर में रियल इतिहास : काशी में जीवंत हुआ विक्रमादित्य युग

  • अद्भुत…अकल्पनीय…रोमांचक : घोड़ों की टाप, रणघोष और न्याय की गूंज
  • ‘विक्रमकाल’ की मंच पर दिखा सुशासन, शौर्य और संस्कृति का संगम

Vikramaditya-history-in-kashi
वाराणसी (सुरेश गांधी). डिजिटल स्क्रीन और रील्स के इस दौर में जब मनोरंजन कुछ सेकंड के फ्रेम में सिमटता जा रहा है, तब काशी की धरती पर एक ऐसा दृश्य साकार हुआ जिसने समय की सीमाओं को तोड़ दिया। 225 कलाकारों का विराट समूह जब सम्राट विक्रमादित्य की गाथा को जीवंत करने मंच पर उतरा, तो पूरा सूर्य सरोवर मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। यह केवल एक नाटक नहीं था—यह इतिहास का पुनर्जन्म था, जिसे दर्शकों ने आंखों से नहीं, हृदय से महसूस किया। वाराणसी के बीएलडब्ल्यू स्थित सूर्य सरोवर मैदान में प्रस्तुत “सम्राट विक्रमादित्य” महानाट्य ने यह सिद्ध कर दिया कि भारत की सांस्कृतिक आत्मा आज भी उतनी ही सशक्त है, जितनी हजारों वर्ष पहले थी। जैसे ही मंच पर पहला दृश्य उभरा, दर्शकों की आंखें ठहर गईं। घोड़ों की टाप, रथों की गर्जना, युद्ध के दृश्य, राजदरबार की गरिमा और सम्राट विक्रमादित्य का तेजस्वी व्यक्तित्व—सब कुछ इतना जीवंत था कि लोगों को यकीन ही नहीं हुआ कि वे किसी मंचन को देख रहे हैं। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो इतिहास स्वयं वर्तमान में उतर आया हो।


225 कलाकारों ने रचा जीवंत इतिहास

Vikramaditya-history-in-kashi
इस महानाट्य की सबसे बड़ी ताकत उसका पैमाना और प्रस्तुति रही। 225 कलाकारों का समन्वय, उनके भाव, संवाद और शारीरिक अभिव्यक्ति ने सम्राट विक्रमादित्य के जीवन को सजीव कर दिया। हर दृश्य एक चित्र की तरह था— कहीं वीरता की चमक. कहीं करुणा की गहराई. कहीं न्याय की गंभीरता. तो कहीं विनम्रता की सहजता. दर्शक केवल देख नहीं रहे थे, वे हर भाव को जी रहे थे।


जब तालियों ने रचा इतिहास का संगीत

Vikramaditya-history-in-kashi
जैसे ही सम्राट विक्रमादित्य का मंच पर प्रवेश हुआ, पूरा मैदान तालियों की गूंज से भर उठा। दर्शकों की आंखों में आश्चर्य था, चेहरे पर उत्साह और भीतर एक गर्व की अनुभूति—कि यह वही भारत है, जिसकी सभ्यता और संस्कृति का लोहा दुनिया मानती रही है। लोगों का कहना था कि उन्होंने इस तरह का भव्य और जीवंत मंचन पहले कभी नहीं देखा। बच्चों के लिए यह “लाइव इतिहास की किताब” था, तो युवाओं के लिए अपनी पहचान से जुड़ने का अवसर।


रील्स के दौर में ‘रियल भारत’ का अनुभव

आज के समय में जब मनोरंजन मोबाइल स्क्रीन तक सीमित हो गया है, यह आयोजन एक सशक्त संदेश बनकर उभरा। यह दिखाता है कि भारत की वास्तविक शक्ति उसकी परंपराओं, कथाओं और मूल्यों में निहित है—जो किसी भी डिजिटल माध्यम से कहीं अधिक प्रभावशाली हैं। यह मंचन केवल मनोरंजन नहीं था, बल्कि एक सांस्कृतिक प्रतिरोध भी था—उस प्रवृत्ति के खिलाफ, जो इतिहास को भूलने और मूल्यों को कमजोर करने का काम करती है।


विक्रमादित्य: सुशासन का शाश्वत आदर्श

कहते हैं कि भगवान श्रीराम के बाद यदि किसी राजा ने सुशासन की सर्वोत्तम मिसाल प्रस्तुत की, तो वह सम्राट विक्रमादित्य थे। इस महानाट्य ने यह स्पष्ट किया कि— शासन केवल शक्ति का प्रदर्शन नहीं, बल्कि सेवा का संकल्प है. न्याय केवल निर्णय नहीं, बल्कि धर्म का पालन है और एक राजा का वास्तविक वैभव उसकी विनम्रता में होता है. विक्रमादित्य का चरित्र इस मंचन के माध्यम से केवल एक ऐतिहासिक कथा नहीं, बल्कि एक जीवंत आदर्श बनकर उभरा।


परंपरा, तकनीक और सौंदर्य का अद्भुत संगम

इस प्रस्तुति में पारंपरिक तत्वों के साथ आधुनिक तकनीक का शानदार समन्वय देखने को मिला। पालकी, रथ, घोड़े, युद्ध दृश्य—इन सबके साथ एलईडी ग्राफिक्स, लाइटिंग और डिजिटल इफेक्ट्स ने मंचन को भव्यता की नई ऊंचाई दी। हर दृश्य ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे किसी महाकाव्य का सजीव चित्रण हो।


मध्य प्रदेश की झलक, संस्कृति का विस्तार

इस आयोजन के माध्यम से दर्शकों को केवल विक्रमादित्य की गाथा ही नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन स्थलों और पारंपरिक व्यंजनों से भी परिचित होने का अवसर मिला। यह आयोजन एक सांस्कृतिक सेतु बनकर उभरा—जो काशी और मालवा की विरासत को एक सूत्र में जोड़ता है। यह महानाट्य केवल एक मंचन नहीं, बल्कि एक आंदोलन है— इतिहास को पुनर्जीवित करने का, संस्कृति को पुनर्स्थापित करने का, और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का। काशी में सजी यह गाथा यह संदेश देती है कि— भारत जब अपने अतीत को मंच पर उतारता है, तो वह केवल कहानी नहीं सुनाता, बल्कि आने वाले भविष्य की दिशा तय करता है।

कोई टिप्पणी नहीं: