- आपसी समन्वय स्थापित कर प्रखंडों के किसानों के बीच प्रखंड कृषि पदाधिकारी/ कृषि समन्वयक/किसान सलाहकार के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा किसानों से किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने हेतु आवेदन सृजित करने हेतु दिए निदेश

मधुबनी (रजनीश के झा), 06 अप्रैल । जिलाधिकारी, आनंद शर्मा द्वारा दिए गए निदेश के आलोक में उप विकास आयुक्त, सुमन प्रसाद साह की अध्यक्षता में सोमवार को डीआरडीए स्थित कार्यालय कक्ष में प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना की प्रगति से संबंधित साप्ताहिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के तहत भारत सरकार के पोर्टल पर सभी इंडिकेटर से संबंधित समीक्षा की गई तथा सभी पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के अंतर्गत संचालित सभी योजनाओं के सभी अवयवों में साप्ताहिक रूप से प्रगति लाते हुए शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त करना सुनिश्चित करें। जिला कृषि पदाधिकारी एवं अग्रणी बैंक प्रबंधक को निर्देश दिया गया कि आपसी समन्वय स्थापित कर प्रखंडों के किसानों के बीच प्रखंड कृषि पदाधिकारी/ कृषि समन्वयक/किसान सलाहकार के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा किसानों से किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने हेतु आवेदन सृजित करने तथा सभी आवेदनों को संकलित कर बैंक वार बैंक को उपलब्ध कराते हुए इसकी प्रति जिला कृषि पदाधिकारी के माध्यम से अग्रणी बैंक प्रबंधक को सूचित करने का निर्देश दिया गया ताकि बैंकों को भेजे गए आवेदनों का अनुश्रवण किया जा सके। उन्होंने जिला कृषि पदाधिकारी को निदेश दिया कि प्रत्येक मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ ऑनलाइन के माध्यम से बैठक किया जाता है, जिसमें सभी प्रखंडों के प्रखंड कृषि पदाधिकारी को भी सम्मिलित होने के लिए निर्देश दें। जिसमें उनसे किसान क्रेडिट कार्ड हेतु सृजित आवेदनों की समीक्षा की जाएगी तथा इसका सतत अनुश्रवण कर प्रगति लाई जाएगी, जिससे कि जिले का रैंकिंग अच्छा हो सके। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारी को निर्देशित किया कि सभी अपने-अपने विभाग से संबंधित परफॉर्मेंस इंडिकेटर के अनुसार परफॉर्म करना सुनिश्चित करें। जिससे कि जिला का रैंकिंग बेहतर हो सके। उक्त बैठक में सहायक निदेशक सह प्रभारी, जिला कृषि पदाधिकारी, श्री शशिकांत कुमार, महा प्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला गव्य विकास अधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, लघु सिंचाई तथा वरीय वैज्ञानिक-सह-प्रधान कृषि विज्ञान केंद्र, सुखेत के प्रतिनिधि बैठक में उपस्थित थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें