पटना : मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने योजना एवं विकास विभाग का कार्यभार ग्रहण किया - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 11 मई 2026

पटना : मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने योजना एवं विकास विभाग का कार्यभार ग्रहण किया

योजना एवं विकास विभाग की कमान संभालते ही एक्शन में दिखे मंत्री श्रीभगवान सिंह कुशवाहा, बोले— “बेरोजगार युवाओं को नौकरी देना हमारी प्राथमिकता, लंबित बहालियों पर जल्द होगा निर्णय”

Bhagwan-singh-kushwaha
पटना (रजनीश के झा)। बिहार सरकार के योजना एवं विकास विभाग के नए मंत्री श्रीभगवान सिंह कुशवाहा ने आज पटना में घंटाघर स्थित अपने कार्यालय में पदभार ग्रहण कर किया। इस अवसर पर विभाग की अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयलक्ष्मी, विभागीय वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। कार्यभार ग्रहण के उपरांत अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयलक्ष्मी द्वारा माननीय मंत्री को विभाग की संरचना, प्रमुख योजनाओं, सांख्यिकी एवं मूल्यांकन गतिविधियों तथा विभिन्न विकास कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई। विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना पर भी प्रस्तुतीकरण किया गया। इस दौरान उन्होंने विभागीय कार्यों और लंबित नियुक्तियों को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। पदभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता विभाग में लंबित बहालियों को पूरा करना और बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना होगा। मंत्री कुशवाहा ने कहा कि राजनीतिक कार्यों में व्यस्त रहने के बावजूद वे विभाग की कार्यप्रणाली का लगातार अध्ययन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि योजना एवं विकास विभाग राज्य के विकास कार्यों के लिए महत्वपूर्ण है और जिले स्तर पर LAEO-1, LAEO-2 तथा जिला योजना पदाधिकारियों के माध्यम से योजनाओं का संचालन किया जाता है। उन्होंने कहा कि विभाग की वर्तमान स्थिति और कार्यों की समीक्षा कर आगे की रणनीति बनाई जाएगी।


उन्होंने विशेष रूप से लंबे समय से लंबित लगभग पांच हजार से अधिक पदों पर बहाली का मुद्दा उठाया। मंत्री ने कहा कि चयन प्रक्रिया पूरी होने और कोर्ट के आदेश के बावजूद अब तक नियुक्तियां नहीं हो सकी हैं। उन्होंने याद दिलाया कि इस मुद्दे को उन्होंने बिहार विधानसभा और विधान परिषद में भी उठाया था, जिस पर सरकार ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था। श्रीभगवान सिंह कुशवाहा ने कहा कि बिहार सरकार की मंशा अधिक से अधिक लोगों को रोजगार देने की रही है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार नौकरी देने के लिए तत्पर है, लेकिन अधिकारियों को भी उतनी ही गंभीरता और तत्परता दिखानी होगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विभागों में वर्तमान रिक्तियों का आकलन कर शीघ्र बहाली प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए। मंत्री ने कहा कि विधायिका और कार्यपालिका दोनों के समन्वय से ही विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जो काम अब तक अधूरे रह गए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाएगा। मौके पर अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयलक्ष्मी ने कहा कि विभाग द्वारा विकास योजनाओं की सतत निगरानी, मूल्यांकन एवं तकनीक आधारित कार्यप्रणाली को और मजबूत किया जा रहा है, जिससे योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुँच सके।

कोई टिप्पणी नहीं: