- 22 मई से 20 जून तक चलेगा जनगणना अभियान | हर घर पहुंचेगी टीम, नागरिकों से सही जानकारी देने की अपील | डीएम बोले— यह सिर्फ आंकड़ों का नहीं, राष्ट्र निर्माण का अभियान
डीएम ने कहा कि सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने निर्धारित क्षेत्रों में भौतिक रूप से पहुंचकर पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य संपादित करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। जनगणना कार्य को निष्पक्षता और समयबद्धता के साथ पूरा करना प्रशासन की प्राथमिकता है। प्रशासन की ओर से यह भी सुनिश्चित किया गया है कि तैनात किए गए सभी कार्मिक प्रशिक्षण प्राप्त हों और जनगणना प्रक्रिया की बारीकियों से परिचित हों। उन्हें घर-घर जाकर सूचनाओं के संकलन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि किसी भी स्तर पर भ्रम या त्रुटि की स्थिति न बने।
इस बार जनगणना के पहले चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना से जुड़ी सूचनाओं का संकलन किया जाएगा। यह प्रक्रिया सीमित समयावधि में पूरी की जानी है। ऐसे में नागरिकों से अपेक्षा की गई है कि जब जनगणना दल उनके घर पहुंचे तो वे सही और पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं। प्रशासन का कहना है कि नागरिकों द्वारा दी गई सटीक जानकारी आने वाले वर्षों में विकास योजनाओं की नींव तय करेगी। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना दल को सहयोग देना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। यदि सभी लोग जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाते हैं तो वाराणसी जनगणना-2027 में प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल हो सकता है। उन्होंने अब तक नागरिकों से मिले सहयोग के लिए आभार भी जताया और कहा कि सामूहिक प्रयास से ही यह अभियान सफल होगा। प्रशासन की कोशिश है कि जनगणना का कार्य पारदर्शी, त्रुटिरहित और समयसीमा के भीतर पूरा हो। जनगणना को लेकर प्रशासन की ओर से दो संदेश भी दिए गए हैं—
“हमारी जनगणना — हमारा विकास”
“सही जनगणना — सशक्त भारत”
क्या होगा पहले चरण में?
• घरों और भवनों का सूचीकरण
• मकानों से जुड़ी आधारभूत जानकारी का संकलन
• प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जानकारी जुटाना
• सीमित समयावधि में पूरे जिले का सर्वेक्षण
नागरिक क्या करें?
• प्रगणकों को सही और पूरी जानकारी दें
• आवश्यक दस्तावेज और सूचनाएं तैयार रखें
• गलत या अधूरी जानकारी देने से बचें
• जनगणना टीम के साथ सहयोग करें

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें