- मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बड़ागांव में भव्य आयोजन, जनप्रतिनिधियों ने दिया आशीर्वाद

वाराणसी (संवाददाता)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत रविवार को बड़ागांव स्थित श्री बलदेव इंटरमीडिएट कॉलेज परिसर में 183 जोड़ों का सामूहिक विवाह वैदिक मंत्रोच्चारण, सामाजिक रीति-रिवाज और भव्य आयोजन के बीच सम्पन्न हुआ। इसमें बड़ागांव विकासखंड के 84 और पिंडरा विकासखंड के 99 जोड़े शामिल रहे। कार्यक्रम में विधायक डॉ. अवधेश सिंह, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। दीप प्रज्ज्वलन के साथ समारोह की शुरुआत हुई। इसके बाद पुरोहितों ने मंत्रोच्चारण, पूजन और हवन के बीच वर-वधुओं को सात वचनों का संकल्प दिलाया। मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी परंपरागत रीति से सम्पन्न कराया गया। समारोह में नवदंपतियों को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रतीकात्मक 60 हजार रुपये का चेक, परिधान, उपहार सामग्री और विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने कहा कि भारतीय संस्कृति परिवार और समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करती है। कन्यादान सबसे बड़ा पुण्य है और सरकार की यह योजना बेटियों व नारी शक्ति को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सभी नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है और जिला प्रशासन इसे पूरी प्रतिबद्धता से लागू कर रहा है। कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों पर पुष्पवर्षा कर उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें