पटना : NDA सरकार का वादा फेल, युवा और मजदूर बेहाल, जन सुराज पार्टी ने सरकार को घेरा - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 20 मई 2026

पटना : NDA सरकार का वादा फेल, युवा और मजदूर बेहाल, जन सुराज पार्टी ने सरकार को घेरा

Jan-suraj-attack-nda
पटना (रजनीश के झा), 20 मई। बिहार की नव निर्वाचित सरकार के कार्यकाल के 6 महीने पूरे होने पर जन सुराज पार्टी ने पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर बिहार सरकार पर युवाओं, महिलाओं और मजदूरों के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा कि NDA सरकार द्वारा चुनाव के समय जनता से किए गए बड़े-बड़े वादे आज जमीन पर कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं। सरकार ने 5 साल में 1 करोड़ रोजगार देने का वादा किया था। इसका मतलब था कि प्रतिदिन लगभग 5476 युवाओं को रोजगार मिलना चाहिए था। सरकार बनने के 6 महीने बाद तक लगभग 9.85 लाख नौकरियां मिल जानी चाहिए थी, लेकिन आज भी बिहार का युवा बेरोजगारी और पलायन के लिए मजबूर है। बिहार में केवल 25% मजदूरों को राज्य में काम मिल पा रहा है, जबकि 71% मजदूर रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं। यह सरकार की रोजगार नीति की सबसे बड़ी विफलता है। प्रदेश प्रवक्ता विवेक कुमार ने BPSC TRE-4 भर्ती का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने छात्रों के साथ छल किया। चुनाव से पहले नोटिफिकेशन जारी करने का वादा किया गया था, लेकिन आज तक कोई स्पष्ट घोषणा नहीं हुई। आंदोलन कर रहे हजारों छात्रों पर केस दर्ज कर सरकार ने युवाओं की आवाज दबाने का काम कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने महिलाओं को 2-2 लाख रुपये देने के सरकार के वादे पर कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत महिलाओं को दो-दो लाख रुपये देने का वादा अब केवल चुनावी जुमला साबित हो रहा है। दूसरी तरफ बिहार पर कर्ज का बोझ लगातार बढ़ रहा है।


वहीं महिला प्रवक्ता पद्मा ओझा ने राज्य में कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था का हाल बेहद खराब है। लगातार बढ़ती हत्या, दुष्कर्म और आपराधिक घटनाओं ने बिहार की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। NCRB डेटा जारी करने में हो रही देरी भी सरकार की मंशा पर सवाल उठाती है। उन्होंने NDA सरकार पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार में कई मंत्री राजनीतिक परिवारों से आते हैं, जबकि जनता को परिवारवाद के खिलाफ भाषण दिए जाते हैं। नीट छात्रा हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए एनपी मंडल ने कहा कि मामले में समय पर चार्जशीट दाखिल नहीं होने के कारण आरोपियों को जमानत मिलना बिहार सरकार की बड़ी विफलता है। बेटियों की सुरक्षा के दावे पूरी तरह खोखले साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि जन सुराज पार्टी बिहार की जनता के साथ मजबूती से खड़ी है और जनता के साथ कहीं भी अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव का परिणाम कुछ भी रहा हो लेकिन जन सुराज पार्टी अपने लक्ष्य से पीछे नहीं हटने वाली है। आज 20 मई 2026 से “बिहार नवनिर्माण अभियान” के नए चरण की शुरुआत हो रही है। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर बिहटा स्थित बिहार नवनिर्माण आश्रम में रहकर बिहारभर में संगठन और जनसंवाद को मजबूत करेंगे। इस अभियान के तहत जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता के बीच अपनी बात रखेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं: