- काजू ट्रॉमा सेंटर रेफर, संजय का इलाज जारी; विद्युत मजदूर पंचायत ने मुख्य अभियंता से की कार्रवाई और बेहतर उपचार की मांग

वाराणसी (सुरेश गांधी). रामनगर विद्युत उपकेंद्र के दो लाइनमैन काजू और संजय एक हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। काजू की हालत नाजुक होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जबकि संजय का उपचार रामनगर स्थित अस्पताल में चल रहा है। विद्युत मजदूर पंचायत उत्तर प्रदेश के प्रांतीय अतिरिक्त महामंत्री ओ.पी. सिंह ने आरोप लगाया कि रामनगर के एसडीओ ने कर्मचारियों की आपत्ति के बावजूद उन्हें एक नाव मरम्मत स्थल पर भेजा। कर्मचारियों ने वहां पहले से तनावपूर्ण स्थिति और एक युवक की मौत की सूचना होने की बात कही थी, लेकिन इसके बावजूद उन्हें मौके पर जाने के लिए दबाव बनाया गया। पंचायत के अनुसार, मौके पर पहुंचे दोनों कर्मचारियों पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल, रामनगर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने काजू की गंभीर हालत देखते हुए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। घटना के बाद संबंधित अधिकारियों द्वारा फोन न उठाने से कर्मचारियों में भारी नाराजगी फैल गई। विद्युत मजदूर पंचायत ने मुख्य अभियंता एवं अधीक्षण अभियंता से दोनों कर्मचारियों के समुचित इलाज, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। पंचायत ने कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा से समझौता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें