समस्तीपुर : हल्की वर्षा में समस्तीपुर शहर फिर हुआ पानी-पानी - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 13 मई 2026

समस्तीपुर : हल्की वर्षा में समस्तीपुर शहर फिर हुआ पानी-पानी

  • कई सड़कें व मुहल्ले जलमग्न, नगर निगम की सड़क-नाला निर्माण योजना की खुली पोल :  सुरेंद्र

Rain-samastipur
समस्तीपुर (संवाददाता), 13 मई । समस्तीपुर शहर में बुधवार को हुई हल्की वर्षा ने एक बार फिर नगर निगम की तैयारियों और सड़क-नाला निर्माण योजनाओं की पोल खोल कर रख दी। थोड़ी देर की बारिश के बाद ही शहर के कई प्रमुख सड़कें, चौक-चौराहे और मुहल्ले जलमग्न हो गए, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। क्रांति होटल के पास मुख्य सड़क पर जलजमाव हो गया। वहीं विवेक-विहार, सरोजनी गली, बारह पत्थर, काशीपुर, आजादनगर, आदर्शनगर आदि मुहल्ले की सड़कें जलमग्न हो गई। शहर के विभिन्न इलाकों में सड़क पर घुटनों तक पानी जमा हो गया। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं रहने के कारण बारिश का पानी घंटों सड़कों पर जमा रहा। लोगों को आवागमन में काफी कठिनाई हुई, वहीं दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ी। कई जगहों पर वाहन पानी में बंद हो गए। भाकपा माले के जिला स्थाई समिति सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा करोड़ों रुपये खर्च कर सड़क एवं नाला निर्माण कराया गया, लेकिन पहली ही बारिश में उसकी गुणवत्ता की कलई खुल गई। उन्होंने कहा कि नालों की नियमित सफाई नहीं होने और निर्माण कार्य में अनियमितता के कारण शहर में हर वर्ष जलजमाव की समस्या गंभीर होती जा रही है। जलजमाव से बाजार क्षेत्र, रिहायशी इलाकों तथा मुख्य सड़कों पर गंदा पानी फैल गया। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से अविलंब स्थायी जलनिकासी व्यवस्था करने, नालों की सफाई कराने तथा निर्माण कार्यों की जांच कराने की मांग की है। बारिश के बाद शहर की बदहाल स्थिति को लेकर आम लोगों में नगर निगम के प्रति आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि हर वर्ष जलजमाव की समस्या से शहरवासी जूझते हैं, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर इसका स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं: