सीहोर : भाजपा की मासिक जिला बैठक संपन्न, प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों पर हुआ मंथन - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 11 मई 2026

सीहोर : भाजपा की मासिक जिला बैठक संपन्न, प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों पर हुआ मंथन

Sehore-bjp
सीहोर, 10 मई। भारतीय जनता पार्टी केंद्रीय संगठन के निर्देशानुसार भाजपा संगठन की राष्ट्रीय स्तर से लेकर बूथ स्तर तक मासिक बैठकों के आयोजन के क्रम में भाजपा सीहोर की मासिक जिला बैठक रविवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में आगामी 22 एवं 23 मई को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों एवं संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का शुभारंभ भाजपा संगठन के संभाग प्रभारी एवं नागदा विधायक डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा तथा संगठन जिला प्रभारी विकास विरानी द्वारा भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।


बैठक में स्वागत भाषण देते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने जिले की संगठनात्मक संरचना एवं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। वहीं संगठन जिला प्रभारी विकास विरानी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने दायित्वों एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने मंडल अध्यक्षों से कहा कि प्रदेश संगठन से प्राप्त होने वाले प्रत्येक कार्यक्रम का सुनियोजित कार्ययोजना के साथ क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। जिला कार्यालय का निर्माण भी प्रदेश द्वारा तय समय-सीमा में सुनिश्चित हो हमें सभी को मिलकर इसके लिए विशेष प्रयास करना है। संगठन में प्रत्येक पदाधिकारी को उनकी योग्यता अनुसार कार्य सौंपा जाना चाहिए। मुख्य वक्ता डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान ने कहा कि राष्ट्रीय संगठन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह निर्धारित समय-सीमा में अपेक्षित श्रेणी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ मासिक बैठकें आयोजित की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि 22 एवं 23 मई को सीहोर में जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित होगा, जिसमें रात्रि विश्राम भी शामिल रहेगा। डॉ. चौहान ने प्रशिक्षण वर्ग की व्यवस्थाओं को लेकर पूर्व निर्मित टोली की बैठक आयोजित करने के निर्देश देते हुए कहा कि विभिन्न व्यवस्थाओं के अनुसार अलग-अलग कार्यकर्ता टोली बनाई जाए तथा उनके बीच कार्य विभाजन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने मंडल प्रभारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे अपने प्रभार वाले मंडलों में नियमित प्रवास करें तथा मंडल से लेकर शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों को सक्रिय बनाए रखें। बैठक में भाजपा जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं: