- ‘प्रतिशोध की राजनीति’ के लिए भाजपा की आलोचना की
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, “राज्य में चुनाव के बाद हुई हिंसा से प्रभावित परिवारों से मिलने गए सांसद अभिषेक बनर्जी पर सोनारपुर में हुए भयावह हमले की मैं कड़ी निंदा करता हूं।” उन्होंने कहा, “एक प्रमुख विपक्षी नेता को जानबूझकर पर्याप्त पुलिस सुरक्षा न देना भाजपा की प्रतिशोध और उत्पीड़न की राजनीति का स्पष्ट प्रमाण है।” खरगे ने ‘एक्स’ पर कहा कि केंद्र और पश्चिम बंगाल सरकार को सभी विपक्षी नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए और ऐसे हमलों को रोकने के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि राजनीतिक मतभेद किसी भी प्रकार की हिंसा को कभी भी उचित नहीं ठहरा सकते। टेलीविजन पर प्रसारित घटनास्थल के दृश्यों में अभिषेक बनर्जी को हेलमेट पहने हुए इलाके से बाहर ले जाते हुए दिखाया गया, उनकी कमीज फट गई थी। अभिषेक बनर्जी ने चुनाव के बाद हुई हिंसा के एक पीड़ित के परिजनों से मुलाकात के दौरान कहा, “देखिए इन्होंने मेरे साथ क्या किया। यह सब पहले से तय था। इलाके में पुलिस नहीं है। वे मुझे मारना चाहते हैं। जब तक पुलिस अपनी टीम नहीं भेजती और पीड़ितों के परिवारों को सुरक्षा प्रदान नहीं करती, मैं यह जगह नहीं छोडूंगा।” स्थानीय महिलाएं झाड़ू व बांस के डंडे लिए तृणमूल कार्यकर्ता के घर के बाहर जमा हो गईं, जहां अभिषेक बनर्जी गए थे। उन्होंने सांसद के खिलाफ नारे लगाए।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें