- शुक्रवार शाम से प्रतिनिधि, प्रेक्षक, अतिथि एवं कार्यकर्ताओं का जत्था लहेरियासराय के लिए होंगे रवाना : आसिफ होदा

ताजपुर/समस्तीपुर (संवाददाता), 15 मई । 16-18 मई 2026 को दरभंगा के लहेरियासराय प्रेक्षागृह में आहूत भाकपा माले के आगामी बिहार राज्य सम्मेलन की सफलता को लेकर ताजपुर क्षेत्र में चलाया जा रहा माहव्यापी जनसंपर्क शुक्रवार को संपन्न हो गया। अभियान के अंतिम दिन कार्यकर्ताओं ने ताजपुर बाजार एवं विभिन्न गांवों में जनसंपर्क कर लोगों से सम्मेलन के खुले सत्र में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। भाकपा माले नेता सुरेंद्र ने बताया कि राज्य सम्मेलन के खुले सत्र में भाग लेने के लिए शुक्रवार की शाम से चयनित प्रतिनिधि, प्रेक्षक, अतिथि एवं कार्यकर्ताओं का जत्था दरभंगा के लिए रवाना होगा। उन्होंने कहा कि सम्मेलन को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं में व्यापक उत्साह देखा जा रहा है। वहीं माले नेता आसिफ होदा ने जानकारी देते हुए कहा कि सम्मेलन के खुले सत्र को भाकपा माले के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत इंडिया गठबंधन के विभिन्न घटक दलों मसलन कांग्रेस, भाकपा, माकपा, वीआईपी, आईआईपी आदि के कई वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में राज्य की राजनीतिक, सामाजिक एवं जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा होगी। अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव जाकर सम्मेलन का निमंत्रण पत्र वितरित किया तथा आम लोगों से सम्मेलन में शामिल होकर जन मुद्दों की आवाज को मजबूत करने की अपील की। जनसंपर्क अभियान में ब्रहमदेव प्रसाद सिंह, राजदेव प्रसाद सिंह, मो० एजाज, शाद तौहीदी, प्रभात रंजन गुप्ता, शंकर महतो, मो० रहमान, बस्साम तौहीदी, मुकेश कुमार गुप्ता आदि ने भाग लिया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें