वाराणसी : जनगणना के पहले पड़ाव पर यूपी की शत-प्रतिशत सफलता - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 20 जून 2026

वाराणसी : जनगणना के पहले पड़ाव पर यूपी की शत-प्रतिशत सफलता

  • 30 दिन में 100% मकान-सूचीकरण पूरा, 75 जिलों में पांच लाख कर्मियों ने 3.90 लाख से अधिक ब्लॉकों में घर-घर पहुंचकर जुटाए आंकड़े, अब अगले चरण की बारी

Cencess-varanasi
वाराणसी (सुरेश गांधी). देश की सबसे बड़ी आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश ने जनगणना-2027 के पहले चरण में बड़ी प्रशासनिक उपलब्धि हासिल की है। राज्य में 22 मई से 20 जून 2026 तक चले मकान-सूचीकरण एवं मकान जनगणना (हाउस लिस्टिंग एंड हाउसिंग सेंसस) का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। इसे जनगणना-2027 की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पड़ाव माना जा रहा है। इस महाअभियान के तहत प्रदेश के 75 जिलों, 350 तहसीलों, 17 नगर निगमों, 200 नगर पालिका परिषदों, 545 नगर पंचायतों, 13 छावनी परिषदों तथा आठ औद्योगिक टाउनशिप में व्यापक स्तर पर सर्वेक्षण किया गया। लगभग 1.04 लाख गांवों और 14,983 वार्डों में बनाए गए 3,90,717 मकान-सूचीकरण ब्लॉकों में घर-घर जाकर आंकड़े जुटाए गए। इस विशाल कार्य को सफल बनाने के लिए करीब पांच लाख प्रगणकों और पर्यवेक्षकों ने भीषण गर्मी के बावजूद घर-घर पहुंचकर सूचनाएं एकत्र कीं। उनके समर्पण और मेहनत के कारण निर्धारित समय में पूरा अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।


जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तर प्रदेश ने इस सफलता का श्रेय मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन तथा भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त के प्रभावी नेतृत्व और सतत मार्गदर्शन को दिया है। निदेशालय ने कहा कि शासन स्तर से मिले सहयोग और प्रशासनिक समन्वय के कारण इतने बड़े अभियान को समयबद्ध ढंग से पूरा करना संभव हो पाया। अभियान में सभी जिलाधिकारियों, नगर आयुक्तों, जिला जनगणना अधिकारियों, अपर नगर आयुक्तों, चार्ज अधिकारियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी रही। वहीं एनआईसी के जिला सूचना विज्ञान अधिकारियों ने तकनीकी सहायता देकर डिजिटल प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। निदेशालय ने विशेष रूप से उन प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का अभिनंदन किया है, जिन्होंने कठिन मौसम में भी घर-घर पहुंचकर पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्व का निर्वहन किया। उनके अथक प्रयासों ने इस अभियान को सफलता तक पहुंचाया। जनगणना कार्य निदेशालय ने मीडिया संस्थानों और पत्रकारों का भी आभार व्यक्त किया है, जिन्होंने अभियान की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही प्रदेश की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा गया कि लोगों ने अपने घरों के द्वार खोलकर प्रगणकों का सहयोग किया और सही जानकारी उपलब्ध कराई। अधिकारियों के अनुसार सरकार, प्रशासन, क्षेत्रीय कर्मियों, मीडिया और आम नागरिकों के इस सामूहिक सहयोग ने जनगणना-2027 के पहले चरण को पूरी तरह सफल बनाते हुए अगले चरण के लिए मजबूत आधार तैयार कर दिया।

कोई टिप्पणी नहीं: