भाजपा दिल्ली प्रदेश की उपाध्यक्ष सुनीता कांगड़ा ने कहा कि “खेलेगा मादीपुर, खिलेगा मादीपुर” केवल खेलों तक सीमित कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह सामाजिक जागरूकता, जनभागीदारी और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने वाला अभियान है। उन्होंने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है, ऐसे समय में इस प्रकार की पहल समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रही है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं की अधिकाधिक भागीदारी पर बल देते हुए कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। भाजपा नेता धर्मवीर ठगेला ने भी अभियान की सराहना करते हुए कहा कि खेल व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं। खेलों के माध्यम से टीम भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक कार्य संस्कृति का विकास होता है, जो संगठन और समाज दोनों के लिए लाभदायक है। मंडल अध्यक्ष प्रदीप यादव ने कहा कि “खेलेगा मादीपुर, खिलेगा मादीपुर” केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सकारात्मक सोच और स्वस्थ समाज निर्माण का अभियान है। इसका उद्देश्य लोगों को फिटनेस, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता के प्रति प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक रविवार बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक खेल गतिविधियों में हिस्सा लेते हैं। इस दौरान बंटी यादव, निमेश, नवीन मित्तल, संजीव सोनकर, आयुष, तारा चंद, सन्नी, विशाल सहगल, पुखराज खोरवाल, मिश्री लाल खोरवाल सहित अनेक कार्यकर्ता सक्रिय रूप से भागीदारी निभा रहे हैं। स्थानीय स्तर पर शुरू हुई यह पहल आज एक नई मिसाल बनती जा रही है। खेल और स्वास्थ्य को संगठनात्मक संस्कृति से जोड़ने का यह प्रयास न केवल भाजपा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार कर रहा है, बल्कि समाज में खेलों के प्रति जागरूकता और सम्मान भी बढ़ा रहा है। आने वाले समय में “खेलेगा मादीपुर, खिलेगा मादीपुर” अभियान अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन सकता है और स्वस्थ, सक्रिय तथा जागरूक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
नई दिल्ली (संवाददाता)। राजधानी दिल्ली के मादीपुर क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के मादीपुर मंडल द्वारा शुरू किया गया “खेलेगा मादीपुर, खिलेगा मादीपुर”अभियान अब स्वास्थ्य, फिटनेस और सामाजिक सहभागिता का एक प्रेरक उदाहरण बनकर उभर रहा है। प्रत्येक रविवार सुबह 6 बजे से 9 बजे तक आयोजित होने वाले इस विशेष अभियान में मंडल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक क्रिकेट, बैडमिंटन, फुटबॉल, रोप स्किपिंग सहित विभिन्न खेल गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा ले रहे हैं। इस अभिनव पहल का नेतृत्व भाजपा मादीपुर मंडल अध्यक्ष प्रदीप यादव कर रहे हैं। उनका उद्देश्य खेलों के माध्यम से कार्यकर्ताओं और युवाओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से सशक्त तथा सामाजिक रूप से सक्रिय बनाना है। यही कारण है कि यह अभियान धीरे-धीरे क्षेत्र में एक सकारात्मक जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण करता जा रहा है। मादीपुर के विधायक कैलाश गंगवाल ने इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र निर्माण का सशक्त आधार हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में फिट इंडिया और खेलो इंडिया जैसी योजनाओं ने खेल संस्कृति को नई पहचान दी है। मादीपुर मंडल का यह प्रयास उसी सोच को स्थानीय स्तर पर साकार कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और ऊर्जावान कार्यकर्ता ही समाज और संगठन की प्रभावी सेवा कर सकते हैं। यह अभियान युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ-साथ नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। भाजपा दिल्ली प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष मोहन लाल गिहारा ने अभियान को अनुकरणीय बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर में खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। मादीपुर में चल रहा यह अभियान उसी राष्ट्रीय सोच को स्थानीय स्तर पर मजबूती प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि इस प्रकार की गतिविधियां अन्य मंडलों में भी शुरू हों तो यह एक व्यापक खेल और स्वास्थ्य आंदोलन का रूप ले सकती हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें