मधुबनी : जनभागीदारी आधारित विकास योजनाओं के निर्माण पर जिला स्तरीय प्रशिक्षण - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 9 जून 2026

मधुबनी : जनभागीदारी आधारित विकास योजनाओं के निर्माण पर जिला स्तरीय प्रशिक्षण

Development-training-madhubani
मधुबनी, 09 जून (संवाददाता) । बिहार राज्य पंचायत संसाधन संस्थान, पंचायती राज विभाग, बिहार, पटना के निर्देशानुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP), पीपुल्स प्लान कैंपेन (PPC) एवं 16वीं वित्त आयोग की अनुशंसाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन डीआरडीए सभागार, मधुबनी में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती बिंदु गुलाब यादव, उप विकास आयुक्त  सुमन प्रसाद साह एवं जिला पंचायत राज पदाधिकारी राकेश कुमार झा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) पंचायतों के समग्र एवं सतत विकास का आधार है। पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं का निर्माण स्थानीय आवश्यकताओं, उपलब्ध संसाधनों एवं जनभागीदारी को केंद्र में रखकर किया जाना चाहिए। उन्होंने पीपुल्स प्लान कैंपेन (PPC) के माध्यम से ग्राम सभाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा 16वीं वित्त आयोग की अनुशंसाओं के अनुरूप योजनाओं के निर्माण एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों के उप जिला परिषद अध्यक्ष, प्रमुख, उपप्रमुख, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी (BPRO) एवं प्रखंड कार्यपालक सहायक प्रशिक्षु के रूप में शामिल हुए। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ग्राम पंचायत विकास योजना के निर्माण की प्रक्रिया, पंचायत स्तरीय संसाधनों के आकलन, ग्राम सभा की भूमिका, विभागीय अभिसरण, पीपुल्स प्लान कैंपेन के विभिन्न चरणों तथा 16वीं वित्त आयोग से संबंधित प्रावधानों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।


प्रशिक्षक के रूप में नोडल पदाधिकारी  विकास कुमार मिश्रा, नोडल पदाधिकारी (RTPS)  रजनीश कुमार, श्री कमलेश कुमार एवं गणेश साहू ने प्रतिभागियों को GPDP के विभिन्न आयामों, डेटा आधारित योजना निर्माण, पंचायतों की विकास प्राथमिकताओं के निर्धारण तथा प्रभावी कार्यान्वयन की रणनीतियों से अवगत कराया। इस अवसर पर जिला पंचायत राज पदाधिकारी  राकेश कुमार झा ने कहा कि, "ग्राम पंचायत विकास योजना केवल एक औपचारिक दस्तावेज नहीं, बल्कि पंचायतों के समग्र विकास का रोडमैप है। इसके माध्यम से स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं तैयार कर ग्रामीण विकास को नई दिशा दी जा सकती है।" उन्होंने सभी प्रतिभागियों से पीपुल्स प्लान कैंपेन के दौरान ग्राम सभाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए गुणवत्तापूर्ण, व्यावहारिक एवं जनहितकारी योजनाओं के निर्माण का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक एवं व्यवहारिक बताते हुए कहा कि इससे पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं के बेहतर निर्माण एवं प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। साथ ही, प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान पंचायतों में पारदर्शी, सहभागी एवं परिणामोन्मुखी विकास प्रक्रिया को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होगा।

कोई टिप्पणी नहीं: