वाराणसी : काशी सहित पूरे प्रदेश में विकास की गूंज को मिलेगा नया डिजिटल मंच - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 20 जून 2026

वाराणसी : काशी सहित पूरे प्रदेश में विकास की गूंज को मिलेगा नया डिजिटल मंच

  • 'सूचना प्रवाह' से सरकार की योजनाएं, काशी की उपलब्धियां और जनकल्याण की हर पहल पहुंचेगी सीधे जनता तक
  • जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं और शासन की उपलब्धियों की प्रमाणिक जानकारी अब होगी एक क्लिक पर उपलब्ध

Digital-plateform-kashi-development
वाराणसी (सुरेश गांधी)। बदलते दौर में सूचना केवल समाचार नहीं, बल्कि शासन और समाज के बीच विश्वास का सबसे मजबूत सेतु बन चुकी है। इसी सोच को साकार करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने डिजिटल संचार के क्षेत्र में एक नई और प्रभावी पहल की है। विभाग के आधिकारिक यूट्यूब चैनल "सूचना प्रवाह" का शुभारंभ लोक भवन, लखनऊ में किया गया। यह मंच प्रदेश की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकार की नीतियों को आमजन तक त्वरित, प्रमाणिक और आकर्षक स्वरूप में पहुंचाने का माध्यम बनेगा। वाराणसी लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र के रूप में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकास का नया अध्याय लिख रही है। गंगा के घाटों से लेकर आधुनिक आधारभूत संरचना, पर्यटन, सांस्कृतिक विरासत, स्वास्थ्य, शिक्षा और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं तक अनेक परिवर्तनकारी कार्य हो रहे हैं। अब इन विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं की प्रमाणिक जानकारी "सूचना प्रवाह" के माध्यम से देश-दुनिया तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचेगी।


यह चैनल उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का आधिकारिक डिजिटल मंच होगा, जहां प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं, विकास परियोजनाएं, महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णय, शासन की उपलब्धियां, जनहितकारी कार्यक्रम तथा विभिन्न विभागों की गतिविधियां तथ्यपरक और विश्वसनीय रूप में नियमित रूप से प्रसारित की जाएंगी। इसके साथ ही विभाग द्वारा निर्मित वृत्तचित्र, विशेष रिपोर्ट, प्रेरणादायी वीडियो, सरकारी अभियानों और प्रमुख आयोजनों का भी प्रसारण इसी मंच पर किया जाएगा। सहायक सूचना निदेशक, वाराणसी डॉ. सुरेंद्र नाथ पाल ने बताया कि सूचना विभाग समय के अनुरूप आधुनिक तकनीकों को अपनाते हुए जनसंचार के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि "सूचना प्रवाह" के माध्यम से प्रदेश की विकास यात्रा, विशेष रूप से काशी और पूर्वांचल में हो रहे ऐतिहासिक विकास कार्यों, सांस्कृतिक आयोजनों तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। इससे शासन की योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का लक्ष्य और अधिक प्रभावी ढंग से पूरा होगा।


सूचना विभाग की यह पहल केवल एक यूट्यूब चैनल का शुभारंभ भर नहीं है, बल्कि डिजिटल युग में पारदर्शी, त्वरित और विश्वसनीय सरकारी संचार व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है। यह मंच शासन और समाज के बीच संवाद को नई ऊर्जा देगा तथा उत्तर प्रदेश की विकास गाथा को वैश्विक डिजिटल मंच पर नई पहचान प्रदान करेगा। विशेष रूप से काशी जैसे आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और विकासशील नगर की उपलब्धियों को अब अधिक व्यापक और प्रभावी स्वर मिलेगा। बता दें, शुक्रवार को सूचना निदेशक विशाल सिंह एवं अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने संयुक्त रूप से चैनल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर निर्माता फिल्म अभय कुमार श्रीवास्तव, फिल्म निर्माण प्रबंधक संदीप पांडेय सहित सूचना विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी काशी सहित पूर्वांचल के करोड़ों नागरिकों के लिए यह पहल विशेष महत्व रखती है।  सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि आज डिजिटल मीडिया जनसंचार का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। ऐसे समय में "सूचना प्रवाह" सरकार और जनता के बीच संवाद का एक सशक्त माध्यम सिद्ध होगा। इसके जरिए नागरिकों को सरकार की योजनाओं, नीतियों और विकास कार्यों की प्रमाणिक जानकारी सरल, सहज और आकर्षक स्वरूप में उपलब्ध कराई जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं: