वाराणसी : सेवा, स्वच्छता और श्रद्धा से काशी ने मनाया मोदी का नया कीर्तिमान - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 10 जून 2026

वाराणसी : सेवा, स्वच्छता और श्रद्धा से काशी ने मनाया मोदी का नया कीर्तिमान

Modi-record-celebration-varanasi
वाराणसी (सुरेश गांधी). प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 4399 दिनों तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्य करने के ऐतिहासिक अवसर पर बुधवार को उनके संसदीय क्षेत्र काशी में सेवा, स्वच्छता, सम्मान और आध्यात्मिक आयोजनों की श्रृंखला देखने को मिली। शहर के विभिन्न हिस्सों में भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने कार्यक्रम आयोजित कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा राष्ट्र की समृद्धि की कामना की। दिनभर चले आयोजनों के क्रम में सायंकाल लहुराबीर स्थित काशी अनाथालय में बच्चों के बीच फल एवं वस्त्र वितरित किए गए। इस अवसर पर काशी प्रवास पर आए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने बच्चों से संवाद कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सेवा ही संगठन का मूल मंत्र है और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना ही पार्टी की कार्यशैली का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों ने भारत के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय जोड़ा है। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और सांस्कृतिक पुनर्जागरण मोदी सरकार की सबसे बड़ी पहचान बनकर उभरे हैं। आज भारत विश्व पटल पर आत्मविश्वास के साथ अपनी भूमिका निभा रहा है और विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।  


दूसरी ओर संसदीय जनसंपर्क कार्यालय में विशेष हवन-पूजन का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए अनुष्ठान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्र की निरंतर प्रगति की कामना की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व कार्यालय प्रभारी शिवशरण पाठक ने किया जबकि वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नंद जी पाण्डेय यजमान के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान सफाई कर्मियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित भी किया गया। वक्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हुए ऐतिहासिक बदलावों का उल्लेख करते हुए डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत अभियान, आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया, गरीब कल्याण योजनाओं, महिला सशक्तिकरण, नई शिक्षा नीति तथा काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर जैसी उपलब्धियों को देश के विकास की नई पहचान बताया। प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने भी विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने अर्दली बाजार स्थित महावीर मंदिर में कार्यकर्ताओं के साथ पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। इसके बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय, पांडेयपुर में मरीजों के बीच फल वितरित किए। वहीं स्वच्छता अभियान के अंतर्गत शास्त्री घाट एवं वरुणापुल क्षेत्र में कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया। संध्या समय प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का विधिवत दर्शन-पूजन एवं रुद्राभिषेक किया। इसके बाद महाआरती तथा ललिता घाट पर आयोजित दीपोत्सव में शामिल होकर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं निरंतर विकास की कामना की। पूरे दिन चले इन आयोजनों ने काशी में सेवा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान की। 

कोई टिप्पणी नहीं: