अपने जन्मदिन पर राहुल गांधी यहां ‘24 अकबर रोड’ स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। पार्टी नेताओं और कार्यकताओं ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘ राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। संविधान के आदर्शों के प्रति आपकी अटूट निष्ठा और वंचित एवं अनसुनी आवाज़ों के लिए आपका अडिग संघर्ष लाखों लोगों के लिए प्रेरणास्रोत रहा है। समावेशिता, सामाजिक न्याय, सद्भाव और करुणा की कांग्रेस पार्टी की गौरवशाली परंपरा आपके सार्वजनिक जीवन और नेतृत्व में स्पष्ट रूप से प्रतिबिंबित होती है।" उन्होंने कहा कि जनता के बीच राहुल गांधी के निरंतर संवाद और सत्ता से निर्भीक होकर सच कहने के साहस के माध्यम से ‘‘आपने सदैव समाज के सबसे कमजोर और हाशिए पर खड़े लोगों के अधिकारों और हितों की सशक्त पैरवी की है।’’ कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘ईश्वर से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य, सुख, शक्ति और राष्ट्रसेवा के लिए दीर्घायु जीवन प्रदान करें।’’ समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई दी और कहा कि वह और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ‘एक लक्ष्य’ के हफसफर हैं। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘देशप्रेम, मानवता एवं सत्य केहमसफ़र हम ‘एक लक्ष्य’ के। राहुल गांधी जी को सार्थक-सक्रिय जीवन की शुभेच्छाओं के साथ जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।’’
तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के नेता और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के. जोसेफ विजय ने भी राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मेरे प्रिय भाई, लोकसभा में विपक्ष के माननीय नेता राहुल गांधी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आप हमारे महान राष्ट्र भारत की प्रगति, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा तथा समाज के सभी वर्गों के लोगों के कल्याण के लिए निरंतर अपनी सशक्त आवाज़ उठाते रहें। मैं आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु, आपके सभी प्रयासों की सफलता तथा सार्वजनिक जीवन में निरंतर विशिष्ट सेवा करने की कामना करता हूं।’’ द्रमुक नेता एमके स्टालिन और विपक्ष के कुछ अन्य नेताओं ने भी राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई दी। कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा, "बहुत कम नेताओं ने इतने लंबे समय तक इतनी कटुता भरी आलोचना और इतने लंबे समय तक निरंतर सार्वजनिक जांच परख का सामना किया है। ऐसी परिस्थितियों में अधिकतर लोग सार्वजनिक जीवन से पीछे हट जाते। लेकिन उन्हें कमज़ोर करने का हर प्रयास मानो उनके संकल्प को और दृढ़ करता गया, उनकी राजनीति को और परिपक्व बनाता गया, और जनता से उनके संबंध को और गहरा करता गया।"

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें