- ताजपुर में 3867 एवं समस्तीपुर में 60 हजार राशनकार्ड पहली ही सूची में रद्द, जांच कर रद्द राशनकार्ड पुनर्बहाल हो : सुरेंद्र प्रसाद सिंह

ताजपुर/समस्तीपुर (संवाददाता), 17 जून । ताजपुर प्रखंड के भेरोखरा गांव में बुधवार को अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) की ग्राम बैठक आयोजित की गई। बैठक में ताजपुर प्रखंड में 3867 तथा समस्तीपुर जिले में लगभग 60 हजार राशनकार्ड रद्द किए जाने पर गहरी चिंता व्यक्त की गई और इसे गरीबों के खाद्य सुरक्षा के अधिकार पर हमला बताया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि रद्द किए गए राशनकार्डों को पुनर्बहाल कराने की मांग को लेकर 30 जून को ताजपुर प्रखंड कार्यालय का घेराव किया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि बड़ी संख्या में गरीब, मजदूर और जरूरतमंद परिवार राशन से वंचित हो गए हैं, जिससे उनके सामने गंभीर खाद्य संकट उत्पन्न हो गया है। सरकार को अविलंब सभी पात्र परिवारों का राशनकार्ड बहाल करना चाहिए। उन्होंने भूमिहीन को वासभूमि एवं आवास भी देने की मांग की। बैठक के दौरान सदस्यता अभियान भी चलाया गया, जिसमें 50 ग्रामीणों को खेग्रामस का सदस्य बनाया गया। संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने तथा जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन तेज करने का संकल्प लिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि गरीबों का राशनकार्ड रद्द करना अन्यायपूर्ण है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खेग्रामस प्रखंड सचिव प्रभात रंजन गुप्ता ने कहा कि राशनकार्ड पुनर्बहाली, मनरेगा में काम, वासभूमि एवं आवास जैसे मुद्दों पर संगठन संघर्ष को और तेज करेगा। कार्यक्रम का नेतृत्व भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह, खेग्रामस प्रखंड सचिव प्रभात रंजन गुप्ता तथा स्थानीय नेता प्रमोद साह, ललीता देवी, प्रमिला देवी, प्रमोद कुमार, सुधा देवी, संजय पोद्दार, भूखलू साह, देवनारायण साह आदि ने किया। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें