लखनऊ : राम मंदिर में चढ़ावे की ‘‘चोरी’’ की जांच उच्च न्यायालय के न्यायाधीश से कराई जाए : कांग्रेस - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 16 जून 2026

लखनऊ : राम मंदिर में चढ़ावे की ‘‘चोरी’’ की जांच उच्च न्यायालय के न्यायाधीश से कराई जाए : कांग्रेस

ajay-rai-congress
लखनऊ । कांग्रेस ने अयोध्या में श्री राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को लेकर मंगलवार को कहा कि उच्च न्यायालय के किसी वर्तमान न्यायाधीश से इसकी जांच कराई जाए और दोषियों को सख्त सजा दी जाए। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने आरोप लगाया कि एसआईटी जांच के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। उत्तर प्रदेश सरकार ने शनिवार को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर ट्रस्ट की दान राशि और वित्तीय प्रबंधन में अनियमितताओं से जुड़े आरोपों की जांच के लिए तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन किया है। राय ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘पहले भाजपा-आरएसएस के लोगों ने श्रीरामजन्मभूमि में शिलापूजन के नाम पर खूब पैसे वसूले, जिसका कोई लेखा-जोखा नहीं है। ये 1,400 करोड़ रुपए से ज्यादा की चोरी है।’’  उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा भाजपा-आरएसएस ने लोगों की आस्था और भगवान का चढ़ावा ही चोरी कर लिया है। श्रीरामजन्मभूमि में भाजपा-आरएसएस के लोगों ने संगठित लूट की है।’’  कांग्रेस नेता का कहना है, ‘‘हमारी मांग है कि इस गंभीर मुद्दे से जुड़ी एसआईटी की रिपोर्ट एक हफ्ते में आनी चाहिए। लेकिन अफसोस है कि एसआईटी में उस अधिकारी को जांच की जिम्मेदारी दी गई है, जिसके ऊपर खुद महाकुंभ में मची भगदड़ से जुड़ी जांच चल रही है।’’


राय ने आरोप लगाया कि इस मामले में भाजपा सिर्फ खानापूर्ति कर रही है।  उन्होंने कहा, ‘‘इस मामले में उच्च न्यायालय के किसी वर्तमान न्यायाधीश द्वारा समयबद्ध जांच कराई जाए और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए।’’ राय ने आरोप लगाया कि इस संगठित लूट के जिम्मेदार सिर्फ और सिर्फ देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल की नेता अराधना मिश्रा ने आरोप लगाया, ‘‘भगवान राम में आस्था रखने वाले लोगों की आस्था पर भाजपा ने आघात किया है। ये लोग प्रभु श्री राम के पुजारी नहीं, बल्कि उनके नाम पर व्यापार करने वाले लोग हैं।’’  उनका कहना था कि आज चढ़ावे में घोटाले का मामला सामने आया है, लेकिन इससे पहले जमीन अधिग्रहण के समय भी महापौर के परिवार के लोगों ने सस्ती जमीन खरीदकर ट्रस्ट को महंगे दामों पर बेची थी। अराधना ने कहा, ‘‘मंदिर निर्माण के समय पहली बारिश में करोड़ों की लागत से बनी सड़क धंस गई थी और गर्भगृह में पानी टपक रहा था।’’ उन्होंने सवाल किया कि क्या ये सनातन में विश्वास रखने वालों के साथ धोखा नहीं था? कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा ने भगवान राम के नाम पर हमेशा व्यापार किया है।

कोई टिप्पणी नहीं: