वाराणसी : 2027 का रण, संगठन का संकल्प, काशी से भाजपा ने फूंका जीत का बिगुल - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 28 जून 2026

वाराणसी : 2027 का रण, संगठन का संकल्प, काशी से भाजपा ने फूंका जीत का बिगुल

  • प्रदेश पदाधिकारियों के अभिनंदन समारोह में कार्यकर्ताओं को मिला चुनावी मंत्र 
  • बूथ से लेकर जन-जन तक संगठन मजबूत करने का आह्वान, लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने का लिया संकल्प

Varanasi-bjp
वाराणसी (सुरेश गांधी)। आगामी वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने काशी से अपने संगठनात्मक अभियान को नई धार देने का संदेश दिया। रविवार को कमिश्नरी ऑडिटोरियम में आयोजित भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह केवल सम्मान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा, नए उत्साह और चुनावी संकल्प का केंद्र बन गया। कार्यक्रम में शहर उत्तरी के विधायक एवं प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल की अध्यक्षता में प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया तथा प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी का जोरदार स्वागत किया गया। समारोह में वक्ताओं ने संगठन की मजबूती को आगामी चुनावी विजय का सबसे बड़ा आधार बताते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने प्रत्येक चुनाव में जनता का विश्वास अर्जित करने में निर्णायक भूमिका निभाई है। इसी संगठनात्मक शक्ति के बल पर वर्ष 2027 में एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ प्रदेश में भाजपा सरकार बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।


अध्यक्षीय उद्बोधन में राज्य मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने कहा कि भाजपा का संगठन केवल चुनाव जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण का व्यापक अभियान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ-साथ जनता के बीच निरंतर संवाद बनाए रखें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की वास्तविक पूंजी हैं और उनके समर्पण से ही संगठन निरंतर मजबूत होता है। प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल ने संगठनात्मक अनुशासन, सक्रियता और जनसंपर्क को भाजपा की सफलता का मूल मंत्र बताते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ को सबसे मजबूत बूथ बनाने का संकल्प लेना चाहिए। वहीं क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि काशी सदैव भाजपा के लिए प्रेरणा और शक्ति का केंद्र रही है। यहां से उठने वाला संगठनात्मक संदेश पूरे प्रदेश में नई ऊर्जा का संचार करता है। प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी ने कार्यकर्ताओं से सामाजिक समरसता, सेवा कार्यों और जनभागीदारी को और अधिक विस्तार देने का आह्वान करते हुए कहा कि जनता का विश्वास ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और इसी विश्वास को और मजबूत बनाना संगठन का प्रमुख दायित्व है। समारोह में महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, आयुष जायसवाल, उत्तरी विधानसभा संयोजक अरविंद सिंह, डीसीएफ चेयरमैन राकेश सिंह अलगू, कमलेश झा, डॉ. रचना अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष, पूर्व मंडल अध्यक्ष, पार्षदगण तथा संगठन के अनेक पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साहपूर्ण वातावरण, जयघोष और संगठनात्मक एकजुटता ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि भाजपा ने काशी से वर्ष 2027 के चुनावी अभियान के लिए अपने कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने का आह्वान कर दिया है।

कोई टिप्पणी नहीं: