- डीएम-संयुक्त पुलिस अधिकारियों की बैठक में सुरक्षा, ट्रैफिक और नकल रोकने की रणनीति तय

वाराणसी (सुरेश गांधी)। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर वाराणसी में प्रशासन और पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है। 8, 9 और 10 जून को शहर के 50 परीक्षा केंद्रों पर छह पालियों में 1.32 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसे देखते हुए डीएम सत्येन्द्र कुमार और अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा ने अधिकारियों, केंद्र व्यवस्थापकों और विभागीय अफसरों के साथ संयुक्त बैठक कर व्यापक तैयारियों की समीक्षा की। प्रत्येक पाली में 22,032 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी, वीडियोग्राफी, बॉडी वॉर्न कैमरे और ड्रोन निगरानी की व्यवस्था रहेगी। नकल माफिया, सॉल्वर गैंग, फर्जी अभ्यर्थियों और प्रश्नपत्र लीक करने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। सोशल मीडिया और साइबर सेल भी सक्रिय रहेगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास भारी पुलिस बल, महिला पुलिस, पीएसी और होमगार्ड तैनात किए जाएंगे। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और प्रमुख चौराहों पर अभ्यर्थियों के लिए सहायता एवं मार्गदर्शन केंद्र बनाए जाएंगे। ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू होगा और पार्किंग की अलग व्यवस्था की जाएगी। डीएम और पुलिस अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने, केवल अनुमन्य सामग्री साथ लाने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को देने को कहा गया है।
एक नजर में
8, 9 और 10 जून को होगी परीक्षा
50 केंद्रों पर आयोजित होगी भर्ती परीक्षा
6 पालियों में होगी परीक्षा
1,32,192 अभ्यर्थियों के शामिल होने का अनुमान
सीसीटीवी, ड्रोन और वीडियोग्राफी से निगरानी
नकल माफिया और सॉल्वर गैंग पर रहेगी विशेष नजर
ट्रैफिक और सुरक्षा के लिए विशेष प्लान लागू होगा
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें