दिल्ली : मोदी जी, दिखावा छोड़िए और पेपर लीक माफिया पर वार करिये : राहुल गांधी - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 18 जून 2026

दिल्ली : मोदी जी, दिखावा छोड़िए और पेपर लीक माफिया पर वार करिये : राहुल गांधी

rahul-gandhi-question-modi
नई दिल्ली । कांग्रेस ने टेलीग्राम पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने के सरकार के कदम पर सवाल खड़े करते हुए बुधवार को कहा कि पेपर लीक होने से रोकने के लिए चोर को पकड़ने के बजाय पीड़ित के घर पर ताला लगाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दिखावा छोड़कर पेपर लीक माफिया पर वार करना चाहिए। नीट-यूजी 2026 की दोबारा परीक्षा से पहले, सरकार ने मंगलवार को भारत में टेलीग्राम मैसेजिंग ऐप के इस्तेमाल पर 22 जून तक के लिए अस्थायी रोक लगा दी। 

  

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) का कहना है कि यह कदम नकल कराने वाले रैकेट और गलत जानकारी से निपटने के लिए उठाया गया है। अब यह परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘टेलीग्राम पर प्रतिबंध मोदी सरकार का पेपर लीक रोकने का नया नुस्खा है। यानी चोर को पकड़ने के बजाय, पीड़ित के घर पर ताला लगा दो। ’’ उनका कहना है कि लाखों छात्र सालों से टेलीग्राम पर पढ़ते हैं, नोट्स, टेस्ट सीरीज़, डिस्कशन... हर तरह से तैयारी करते हैं। कांग्रेस नेता ने सवाल किया कि वह सुविधा छीन लेना पेपर लीक का समाधान कैसे हुआ?  राहुल गांधी ने कहा, ‘‘और यह फूलप्रूफ भी नहीं है, यह देश का हर छात्र जानता है, और पेपर लीक माफ़िया भी। फिर अगला प्रतिबंध किसपर लगाएंगे? व्हाट्सएप पर?’’ उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘परीक्षा के दिन छात्रों की तलाशी होगी। जेबें कैंची से काटी जाएंगी। प्रश्नपत्र वायुसेना के विमानों से भेजे जाएंगे। दिखावे की कोई कमी नहीं होगी। लेकिन बीमारी की जड़ पर एक वार भी नहीं, क्योंकि पेपर लीक माफ़िया इसी सरकार की देख-रेख में फल-फूल रहा है, और युवाओं को खून के आंसू रुला रहा है।’’  कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ‘‘मोदी जी, दिखावा छोड़िए। माफ़िया पर वार कीजिए, छात्र पर नहीं। ‘छात्रों की गूंज’ सुन लीजिए, वरना देश का युवा अपना हक़ लेना जानता है।’’

कोई टिप्पणी नहीं: