- राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विजेताओं को किया गया सम्मानित
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री कुमार रवि ने कहा कि युवाओं को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि रेड रन का उद्देश्य युवाओं में एचआईवी/एड्स, सुरक्षित रक्तदान एवं यौन संचारित संक्रमणों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि राज्य के सभी जिलों में जिला स्तरीय रेड रन का आयोजन किया गया था, जिनके विजेता आज राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल हुए। राज्य स्तर पर विजयी प्रतिभागी अब राष्ट्रीय स्तर की रेड रन प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे। बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के परियोजना निदेशक श्री सुमित कुमार ने कहा कि समिति 95:95:99 के वैश्विक लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पहले 95 का अर्थ है कि एचआईवी से संक्रमित कम-से-कम 95 प्रतिशत लोगों को अपनी एचआईवी स्थिति की जानकारी हो। दूसरे 95 का लक्ष्य है कि एचआईवी की पुष्टि हो चुके 95 प्रतिशत लोग नियमित रूप से एंटी-रेट्रोवायरल थेरेपी (ART) से जुड़े रहें। वहीं 99 का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि उपचार प्राप्त कर रहे मरीजों में वायरल लोड नियंत्रित रहे, जिससे संक्रमण के प्रसार को प्रभावी ढंग से रोका जा सके। उन्होंने कहा कि एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता, समय पर जांच एवं नियमित उपचार से संक्रमण को नियंत्रित किया जा सकता है। समाज में जागरूकता बढ़ाना और भेदभाव समाप्त करना इस अभियान की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
रेड रन-2026 के अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पुरुष, महिला एवं ट्रांसजेंडर तीनों श्रेणियों के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरुष वर्ग में श्रवण कुमार (गया जी) ने प्रथम, ऋतुराज (भागलपुर) ने द्वितीय तथा कुणाल आर्य (गया जी) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में कामिनी कुमारी (गया जी) ने प्रथम, पंचू कुमारी (भागलपुर) ने द्वितीय तथा स्वाति कुमारी (समस्तीपुर) ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं ट्रांसजेंडर वर्ग में कुसुम कुमारी (पटना) प्रथम, अदिति राय (पटना) द्वितीय तथा अदिति गुप्ता (पटना) तृतीय स्थान पर रहीं। सभी विजेताओं को प्रथम पुरस्कार ₹10,000, द्वितीय पुरस्कार ₹7,500 तथा तृतीय पुरस्कार ₹5,000 की राशि के साथ प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। 01 जुलाई 2026 से 22 जुलाई 2026 तक बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, पटना द्वारा राज्य के सभी 38 जिलों के 248 महाविद्यालयों द्वारा जिला स्तरीय "रेड रन-2026" का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया था। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अधिकाधिक महाविद्यालयों की सहभागिता सुनिश्चित करना था। इन कार्यक्रमों में कुल 3245 युवाओं ने सहभागिता की थी। आज 6 जिलों पटना, भोजपुर (आरा), गया, समस्तीपुर, मधेपुरा और भागलपुर को रेड रन के सफल आयोजन एवं व्यापक जनजागरूकता सुनिश्चित करने में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए "जिला रेड रन उत्कृष्ट सहभागिता पुरस्कार-2026" प्रदान किया गया। इस अवसर पर श्री मनोज कुमार सिन्हा, संयुक्त निदेशक (आई.ई.सी.), BSACS, श्री एन.के. गुप्ता, अपर परियोजना निदेशक, BSACS और श्री आलोक सिंह, सहायक निदेशक (युवा), BSACS सहित बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक, जिला प्रतिनिधि, विभिन्न कार्यक्रमों से जुड़े पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें