- वृद्धावस्था, विकलांग एवं मोसमाती पेंशन बंद करने पर भी जताया विरोध, समस्याओं के समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

ताजपुर/समस्तीपुर (संवाददाता), 2 जुलाई। अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) द्वारा बृहस्पतिवार ताजपुर प्रखंड के मोतीपुर स्थित विश्वकर्मा चौक पर सदस्यता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ग्रामीण मजदूरों ने राशन कार्ड, पेंशन, रोजगार और अन्य जनसमस्याओं को लेकर अपनी पीड़ा नेताओं के समक्ष रखी। इस मौके पर भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि मात्र 10 हजार रुपये प्रतिमाह कमाने वाले गरीब मजदूरों का राशन कार्ड रद्द किया जाना गरीब विरोधी कदम है। उन्होंने सरकार से ऐसे सभी राशन कार्डों को पुनर्बहाल करने की मांग करते हुए कहा कि गरीब परिवारों की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था, विकलांग एवं मोसमाती पेंशन को बंद करना भी गरीबों और जरूरतमंदों के साथ अन्याय है। बड़ी संख्या में पात्र लाभुक पेंशन से वंचित हैं, जिससे उनके समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। सरकार को अविलंब सभी बंद पेंशनों को चालू करना चाहिए। माले प्रखंड कमिटी सदस्य ब्रहमदेव प्रसाद सिंह एवं राजदेव प्रसाद सिंह ने चेतावनी दी कि यदि गरीबों, मजदूरों और वंचित तबकों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संगठन व्यापक जनआंदोलन चलाने को बाध्य होगा। सदस्यता अभियान के दौरान संगठन को मजबूत करने तथा जनमुद्दों पर संघर्ष तेज करने का भी आह्वान किया गया। अभियान का नेतृत्व राजदेव प्रसाद सिंह, ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह एवं शंकर महतो की टीम ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं मजदूर मौजूद रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें