शिविर के दौरान लाभार्थियों के बीच IFA टैबलेट, कैल्शियम, ORS एवं आवश्यक सामान्य दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया गया। स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन हेतु कॉटन, स्पिरिट, ग्लव्स, मास्क एवं सैनिटाइज़र आदि आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। शिविर में 200 से अधिक महिला एवं पुरुष लाभार्थियों ने भाग लिया तथा 200 से अधिक लोगों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया। इस दौरान स्वास्थ्य जाँच एवं आवश्यक उपचार के साथ लोगों को स्वस्थ जीवनशैली, पोषण तथा विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक भी किया गया। महिला एवं बाल विकास निगम, मधुबनी की ओर से जिला मिशन समन्वयक श्री अंजनी कुमार झा, केंद्र प्रशासक श्रीमती सुषमा कुमारी, लैंगिक विशेषज्ञ श्री शिवराम मेहरा, केस वर्कर श्रीमती वीणा चौधरी, एएनएम श्रीमती नीरजा कुमारी, एमटीएस श्रीमती पूनम कुमारी,आंगनबाड़ी सेविका श्रीमति बीबी हुमा खातून उपस्थित रहीं। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. जितेंद्र कुमार, डॉ. ज्ञान चंद्र ठाकुर, सुनील कुमार (RMNCHA Coordinator), संगीता कुमारी (ANM), मधु कुमारी (ANM), रंभा देवी, रीना देवी एवं मंतोर देवी (ANM) ने अपनी सेवाएँ प्रदान कीं। यह संयुक्त स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण समुदाय तक आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित करने तथा विशेष रूप से महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य एवं परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रही।
मधुबनी, 31 जुलाई (संवाददाता) । जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन, महिला एवं बाल विकास निगम, मधुबनी द्वारा स्वास्थ्य विभाग, मधुबनी के संयुक्त प्रयास से आज 31 जुलाई को रहिका प्रखंड अंतर्गत मलंगिया पंचायत के डुमरी गाँव में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जिला मिशन समन्वयक श्री अंजनी कुमार झा के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय, विशेषकर महिलाओं को उनके गाँव में ही आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएँ, चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता उपलब्ध कराना था। शिविर में गर्भावस्था परीक्षण, रक्तचाप (BP), रक्त शर्करा (Blood Sugar) की जाँच, टीबी (Tuberculosis) स्क्रीनिंग, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श तथा नेत्र परीक्षण एवं विशेषज्ञ परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई। शिविर के दौरान 200 लोगों की निःशुल्क ब्लड शुगर,रक्त चाप जाँच की गई। साथ ही, उच्च जोखिम वाले गर्भवती लाभार्थियों की पहचान कर आवश्यकतानुसार रेफरल की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। महिलाओं एवं आमजन को पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, एनीमिया की रोकथाम तथा परिवार नियोजन के संबंध में आवश्यक परामर्श दिया गया। परिवार नियोजन के तहत कंडोम, माला-डी एवं कॉपर-टी से संबंधित जानकारी एवं सुविधाएँ उपलब्ध कराई गईं। इसके अतिरिक्त महिलाओं से संबंधित विभिन्न स्वास्थ्य एवं सामाजिक मुद्दों पर भी चर्चा एवं परामर्श किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें