- गौसपुर सरसौना के मुसहरी में खेग्रामस के बैनर तले जनसंवाद सह खेग्रामस सदस्यता अभियान : प्रभात रंजन गुप्ता
- 2 अगस्त को ताजपुर में मोतीपुर में अखिल भारतीय किसान महासभा का प्रखंड सम्मेलन : ब्रहमदेव प्रसाद सिंह

ताजपुर/समस्तीपुर, 31 जुलाई । अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) के सदस्यता अभियान के तहत ताजपुर प्रखंड के सरसौना मुसहरी में शुक्रवार को जनसंवाद सह सदस्यता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 50 नए सदस्यों को संगठन से जोड़ा गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह, खेग्रामस प्रखंड अध्यक्ष प्रभात रंजन गुप्ता एवं अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रखंड अध्यक्ष ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि भूमिहीन गरीबों को प्राथमिकता के आधार पर वासभूमि, पर्चा एवं आवास उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को भूमिहीन परिवारों की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस पहल करनी चाहिए तथा गरीबों के आवास और जमीन के अधिकार को सुनिश्चित करना चाहिए। खेग्रामस प्रखंड अध्यक्ष प्रभात रंजन गुप्ता ने संगठन को मजबूत बनाने और गरीबों, मजदूरों तथा दलितों के अधिकारों के लिए संघर्ष तेज करने का आह्वान किया। वहीं किसान महासभा के प्रखंड अध्यक्ष ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह ने बताया कि आगामी 2 अगस्त को ताजपुर के मोतीपुर में अखिल भारतीय किसान महासभा का प्रखंड सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने प्रखंड के किसानों से सम्मेलन में व्यापक संख्या में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं, कृषि संकट और उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर सम्मेलन में विस्तार से चर्चा की जाएगी। सदस्यता अभियान में स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा संगठन की सदस्यता ग्रहण कर गरीबों, मजदूरों और किसानों के अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने का संकल्प लिया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें