धार : प्रथम बार गुरव समाज महिला मंडल द्वारा निकाली जाएगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 14 जुलाई 2026

धार : प्रथम बार गुरव समाज महिला मंडल द्वारा निकाली जाएगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा

  • महिला मंडल की रोजाना बैठकों के बीच जोरों पर तैयारियां, महाप्रसादी वितरण के साथ श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील

Jagannath-yatra-dhar
धार : भगवान जगन्नाथ की भक्ति, भारतीय संस्कृति और सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरव समाज महिला मंडल, निसरपुर द्वारा इस वर्ष पहली बार महाप्रभु भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र एवं माता सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा का आयोजन 16 जुलाई (गुरुवार) को किया जा रहा है। आयोजन को लेकर नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में धार्मिक उत्साह का वातावरण बना हुआ है। गुरव समाज महिला मंडल की सदस्याएं पिछले कई दिनों से प्रतिदिन बैठक कर आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई हैं। रथ यात्रा को भव्य स्वरूप देने के लिए महिला मंडल द्वारा रथ निर्माण एवं उसकी आकर्षक सजावट में भी सक्रिय सहयोग किया जा रहा है। इसके साथ ही यात्रा की व्यवस्थाओं, स्वागत, प्रसादी वितरण एवं अन्य व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि आयोजन सफल एवं यादगार बन सके। महिला मंडल की सदस्य हर्षिता सवनेर ने जानकारी देते हुए बताया कि भगवान जगन्नाथ की सुसज्जित रथ यात्रा वंदे मातरम् कॉलोनी मोहल्ले से प्रारंभ होकर अर्धचंद्रईश्वर मंदिर तक निकाली जाएगी। यात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। पूरे मार्ग में भगवान के जयघोष, भजन-कीर्तन, शंखनाद और भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालु रथ के साथ चलेंगे।


उन्होंने बताया कि गुरव समाज महिला मंडल द्वारा यह आयोजन पहली बार किया जा रहा है, जिसमें समाज के साथ-साथ सभी क्षेत्रवासियों का भरपूर सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है। नगर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं युवा संगठनों के सदस्य भी आयोजन को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। महिला मंडल का उद्देश्य भगवान जगन्नाथ की भक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाना, भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं का संरक्षण करना तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत करना है। हर्षिता सवनेर ने बताया कि रथ यात्रा के मार्ग पर श्रद्धालुओं द्वारा भगवान का स्वागत पुष्पवर्षा एवं जयघोष के साथ किया जाएगा। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर धर्म लाभ प्राप्त करेंगे। आयोजन के समापन पर सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी वितरण किया जाएगा। महिला मंडल ने समस्त गुरव समाज, माताओं, बहनों, युवाओं एवं क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अपने परिवार सहित इस पावन रथ यात्रा में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन करें, रथ यात्रा की शोभा बढ़ाएं तथा महाप्रसादी ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त करें। हर्षिता सवनेर ने कहा कि यह आयोजन केवल गुरव समाज का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के श्रद्धालुओं का धार्मिक उत्सव है। सभी के सहयोग, सहभागिता और आस्था से इस प्रथम रथ यात्रा को ऐतिहासिक एवं सफल बनाया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं: