गाज़ियाबाद : मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों की सीलिंग पर रोक लगाने की मांग - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 24 जुलाई 2026

गाज़ियाबाद : मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों की सीलिंग पर रोक लगाने की मांग

Public-school-ghaziabad
गाज़ियाबाद (संवाददाता)। पब्लिक स्कूल मैनेजमेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने आवास विकास वसुंधरा क्षेत्र में मान्यता प्राप्त निजी भवनों में संचालित विद्यालयों को सील किए जाने संबंधी नोटिस के विरोध में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा से उनके कार्यालय में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए विद्यालयों के हित में शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि एसोसिएशन से जुड़े लगभग 25 विद्यालयों में 10 हजार से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जबकि सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अन्य कर्मचारियों की आजीविका भी इन संस्थानों पर निर्भर है। विद्यालय वर्षों से मान्यता के निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित हो रहे हैं। ऐसे में सीलिंग की कार्रवाई होने पर न केवल हजारों विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित होगी, बल्कि बड़ी संख्या में कर्मचारियों के समक्ष भी रोजगार का संकट उत्पन्न हो जाएगा।


प्रतिनिधियों ने मंत्री से अनुरोध किया कि विद्यार्थियों के भविष्य तथा कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए सीलिंग की प्रस्तावित कार्रवाई तत्काल रोकी जाए और इस समस्या का न्यायोचित समाधान निकाला जाए। कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनी तथा संबंधित अधिकारियों से तत्काल वार्ता कर उचित समाधान कराने का आश्वासन दिया। मंत्री द्वारा दिए गए सकारात्मक आश्वासन पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनका आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि सरकार विद्यार्थियों एवं शिक्षा संस्थानों के हितों की रक्षा के लिए संवेदनशील निर्णय लेगी। प्रतिनिधिमंडल में एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष डॉ. उदय रस्तोगी, सचिव डॉ. सुनील सिंह सहित भूपेंद्र तोमर, ओंकार सिंह, उमेश पंत, प्रदीप शर्मा, बी.एन. तिवारी, राकेश, जय भगवान, राजकुमार, संजय चौहान, सत्यवीर चौधरी, रेणु राजपूत, अमित यादव, सुमित, हरेंद्र, पुष्पा एवं सीमा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं: