सीहोर : कुबेरेश्वरधाम में 24 जुलाई से शिव महापुराण कथा, 29 जुलाई को भव्य गुरु पूर्णिमा महोत्सव - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 13 जुलाई 2026

सीहोर : कुबेरेश्वरधाम में 24 जुलाई से शिव महापुराण कथा, 29 जुलाई को भव्य गुरु पूर्णिमा महोत्सव

  • एक लोटा जल भी सच्ची श्रद्धा से अर्पित किया जाए तो भगवान शिव की कृपा अवश्य प्राप्त होती है : पंडित प्रदीप मिश्रा
  • कथा वाचक पंडित शिवम मिश्रा ने भजनों से बांधा समां, कहा-कंकर-कंकर की धरा कुबेरेश्वरधाम श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण करने वाली है

Purnima-mahotsav-kubereshwar-dham-sehore
सीहोर। शिव पर आस्था दुविधा में रास्ता है। जब आप भ्रम या संकट में हों और आपको रास्ता न सूझ रहा हो, तो भगवान शिव में विश्वास रखने से आपको समाधान मिल सकता है, क्योंकि शिव भक्तों के रास्ते कभी बंद नहीं होते. महादेव की पूजा और भक्ति सच्ची आस्था के साथ करने से मन को शांति मिलती है और जीवन में आने वाली कठिनाइयों से पार पाने का मार्ग प्रशस्त होता है। उक्त विचार जिला मुख्यालय के समीपस्थ कुबेरेश्वरधाम पर जारी आन लाइन शिव महापुराण कथा के दौरान अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहे। आगामी 24 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक शिव महापुराण कथा एवं गुरु पूर्णिमा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालुओं के धाम पहुंचने की संभावना है। वहीं 30 जुलाई से सावन मास में कांवड यात्रा का महाकुंभ लगाया जाएगा। उन्होंने कहाकि शिव महापुराण केवल कथा नहीं, बल्कि जीवन को धर्म, संस्कार और भगवान शिव की भक्ति से जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव को श्रद्धा और विश्वास के साथ अर्पित किया गया एक लोटा जल भी भक्त के जीवन में सुख, शांति और कल्याण का कारण बनता है। प्रतिदिन भगवान शिव का स्मरण करने का आग्रह करते हुए कहा कि महादेव का नाम जपने से मन को शांति, जीवन को सही दिशा और परिवार को सुख-समृद्धि प्राप्त होती है। भगवान शिव भाव के भूखे हैं, उन्हें आडंबर नहीं, बल्कि सच्ची श्रद्धा प्रिय है।


कंकर-कंकर की धरा कुबेरेश्वरधाम भगवान शिव की कृपा से पावन

इस अवसर पर कथा वाचक पंडित शिवम मिश्रा ने भगवान शिव एवं श्रीहरि के मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। भजनों के बीच उन्होंने कहा कि कंकर-कंकर की धरा कुबेरेश्वरधाम भगवान शिव की कृपा से पावन है। यहां सच्चे मन से आने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और उन्हें आध्यात्मिक शांति का अनुभव होता है। इस संबंध में जानकारी देते हुए विठलेश सेवा समिति के पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला ने बताया कि 24 जुलाई से 28 जुलाई तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक शिव महापुराण कथा का आयोजन होगा, जबकि 29 जुलाई को प्रात: 7 बजे से सायं 7 बजे तक भव्य गुरु पूर्णिमा महोत्सव मनाया जाएगा। कथा, भजन, गुरु वंदन, पूजन-अर्चन एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। धाम में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए दर्शन, पेयजल, प्रसादी, पार्किंग, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की तैयारियां की जा रही हैं। 

कोई टिप्पणी नहीं: