श्रावणी मेला के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा राज्य के 16 जिलों—बांका, भागलपुर, मुंगेर, जमुई, मुजफ्फरपुर, सारण, वैशाली, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, जहानाबाद, लखीसराय, रोहतास, मधुबनी, मधेपुरा, समस्तीपुर एवं सिवान में विशेष स्वास्थ्य शिविरों का संचालन किया जा रहा है। इन शिविरों में श्रद्धालुओं को 24×7 प्राथमिक परामर्श एवं उपचार, रक्तचाप एवं रक्त शर्करा की जांच, आवश्यक दवाओं का निःशुल्क वितरण, बेड सहित आपातकालीन चिकित्सा सुविधा तथा आवश्यकता पड़ने पर 102 एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने मेला क्षेत्र में कार्यरत सभी खाद्य सामग्री विक्रेताओं एवं दुकानदारों से भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री का उपयोग करने का निर्देश दिया है। विभाग ने निर्देश दिया है कि भोजन तैयार करने एवं परोसने से पहले साबुन से हाथ धोएँ, स्वच्छ पानी का उपयोग करें, भोजन को सदैव ढककर रखें, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें तथा गीले एवं सूखे कचरे का अलग-अलग निस्तारण करें। सुरक्षित एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराना श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है। स्वास्थ्य मंत्री ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या या आपात स्थिति में निकटतम स्वास्थ्य शिविर से संपर्क करें अथवा 104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन पर जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सुविधा स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा पूरे मेला अवधि में विभाग सतत निगरानी रखते हुए हर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएगा।
पटना, 30 जुलाई (संवाददाता)। श्रावणी मेला के पावन अवसर पर बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत कुमार ने देश-विदेश से बाबा भोलेनाथ के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए आने वाले सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं की सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है। राज्य के सभी संबंधित जिलों में चिकित्सकों, नर्सिंगकर्मियों, पैरामेडिकल स्टाफ, एम्बुलेंस एवं आवश्यक दवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। विभाग द्वारा 24×7 स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं ताकि श्रद्धालुओं को आवश्यकता पड़ने पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें