- भोलेनाथ के त्रिशूल पर बसी काशी में सावन का शिवमय स्पंदन
- श्रावण के आरंभ से अब तक करीब 29 लाख 31 हजार 249 श्रद्धालुओं ने किए बाबा विश्वनाथ के दर्शन; गंगा तट से धाम तक उमड़ी आस्था की अविरल धारा
“काश्यां तु मरणान्मुक्तिः”, अर्थात काशी मोक्षदायिनी नगरी है। अर्थात काशी में मृत्यु भी मोक्ष का द्वार बन जाती है। यह श्लोक केवल दार्शनिक कथन नहीं, बल्कि काशी की उस सनातन परंपरा का प्रमाण है, जिसने उसे युगों से आध्यात्मिक राजधानी बनाए रखा है। श्रावण मास में शिव उपासना के महत्व का उल्लेख शिवपुराण में भी मिलता है, जहाँ श्रद्धापूर्वक शिवपूजन को कल्याणकारी बताया गया है।
“श्रावणे मासि यः भक्त्या शिवं पूजयते नरः।
सर्वपापविनिर्मुक्तः शिवलोकं स गच्छति॥”
अर्थात जो भक्त श्रावण मास में श्रद्धापूर्वक शिव की पूजा करता है, वह पापों से मुक्त होकर शिवलोक को प्राप्त होता है। इसी विश्वास से कांवड़िए गंगाजल लेकर दूर-दूर से काशी पहुंचते हैं और बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करते हैं। इसकी महत्ता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है श्रावण की शुरुआत से अब तक लगभग 29 लाख 31 हजार 249 भक्त बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर चुके हैं। प्रत्येक सोमवार को भोर से ही विश्वनाथ धाम, ज्ञानवापी क्षेत्र और प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें दिखाई देती हैं। कांवड़िए गंगाजल लेकर जलाभिषेक कर रहे हैं, वहीं देश-विदेश से आए श्रद्धालु रुद्राभिषेक, बिल्वपत्र अर्पण और शिवनाम जप में सहभागी बन रहे हैं। कहा जा सकता है गंगा स्नान, रुद्राभिषेक, बिल्वपत्र अर्पण और शिवनाम जप—ये सभी अनुष्ठान केवल कर्मकांड नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि की साधना हैं।
काशी की विशेषता केवल उसके मंदिर नहीं, बल्कि उसकी जीवंत परंपरा है। गंगा स्नान, आरती, शिवभक्ति और लोकजीवन का अद्भुत संगम इस नगरी को अन्य तीर्थों से अलग पहचान देता है। वर्षा ऋतु में गंगा का उफान और सावन की हरियाली इस आध्यात्मिक वातावरण को और भी अलौकिक बना देती है। काशी विश्वनाथ धाम में उमड़ती भीड़ यह प्रमाणित करती है कि आधुनिकता के तीव्र प्रवाह के बीच भी आस्था की यह धारा अविरल है। आज जब जीवन भागदौड़ और तनाव से घिरा है, तब सावन की काशी हमें ठहरकर भीतर झांकने का अवसर देती है। गंगा तट पर बैठा साधक हो या विश्वनाथ धाम में खड़ा सामान्य श्रद्धालु—हर किसी के भीतर एक ही प्रार्थना गूंजती है: “सबका कल्याण हो।” सावन का यह उल्लास केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि काशी की उस सनातन आत्मा का उत्सव है जो सदियों से गंगा, विश्वनाथ और लोकआस्था के सहारे अविरल बह रही है। सावन का संदेश केवल पूजा तक सीमित नहीं है। यह प्रकृति, जल और जीवन के संरक्षण का भी पर्व है। वर्षा ऋतु में धरती का नवजीवन आरंभ होता है और शिव, जो स्वयं प्रकृति के अधिपति माने गए हैं, हमें संतुलन, संयम और करुणा का पाठ पढ़ाते हैं। सावन का यह पावन मास हमें स्मरण कराता है कि काशी केवल एक नगर नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की धड़कन है। यहां शिव केवल पूजे नहीं जाते, वे जीवन के प्रत्येक स्वर में अनुभव किए जाते हैं। यही काशी की सनातन महिमा है, यही सावन का अमर संदेश।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें