- भदोही जिला न्यायालय परिसर के अधिवक्ता चैंबर मार्ग की बदहाली, हल्की बारिश में सड़क बनी तालाब; रोजाना 200 से अधिक अधिवक्ता, वादकारी और कर्मचारी दलदल पार कर पहुंचते हैं कोर्ट
- भदोही जिला न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं के चैंबर तक जाने वाली सड़क पर बारिश के बाद जमा पानी और कीचड़ से होकर अदालत पहुंचते अधिवक्ता
अधिवक्ताओं का कहना है कि इस सड़क की दुर्दशा को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकला। हर बरसात में यही स्थिति बनती है और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण सड़क पूरी तरह जलमग्न हो जाती है। यह केवल एक सड़क की समस्या नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था से जुड़े पूरे वातावरण का प्रश्न है। जिस परिसर में प्रतिदिन सैकड़ों लोग न्याय की उम्मीद लेकर आते हों, वहां की मूलभूत सुविधाएं इस हाल में होना गंभीर चिंता का विषय है। न्यायालय परिसर की सड़क यदि दलदल में बदल जाए तो यह व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। अधिवक्ताओं ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल सड़क की मरम्मत, पक्की जलनिकासी व्यवस्था तथा स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि न्यायालय आने वाले अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और वादकारियों को इस परेशानी से निजात मिल सके।
बदहाली तत्काल सुधारे जाने की मांग
"विडंबना यह है कि जो अधिवक्ता समाज को न्याय दिलाने के लिए अदालत में खड़े होते हैं, उन्हें स्वयं रोज़ अन्यायपूर्ण परिस्थितियों से होकर गुजरना पड़ रहा है। न्यायालय परिसर की यह बदहाली तत्काल सुधारे जाने की मांग करती है।" सीनियर एडवोकेट तेजबहादुर यादव

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें