- पंडित महेन्द्र कुमार चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में होगा महायज्ञ का आयोजन

सीहोर। शहर के प्राचीन सिद्धपीठ श्री नृसिंह लक्ष्मी मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को संतों एवं विप्रजनों का स्वागत-सम्मान किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में विराजमान भगवान शिव का विशेष अभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम के दौरान संत माधवदास महाराज ने वृंदावन से पधारे पंडित महेन्द्र कुमार चतुर्वेदी से आगामी दिनों में आयोजित होने वाले महायज्ञ को लेकर विस्तृत चर्चा की। महायज्ञ का आयोजन पंडित महेन्द्र कुमार चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में किया जाएगा। संत माधवदास महाराज ने कहा कि सावन मास भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माना जाता है। इन दिनों क्षेत्रवासी श्रद्धाभाव के साथ भगवान शिव का अभिषेक एवं पूजन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सावन मास में भगवान शिव की पूजा-अर्चना करने और अभिषेक करने से श्रद्धालुओं में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है तथा वातावरण भक्तिमय बनता है। इस अवसर पर अनेक संतों एवं विप्रजनों का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में सनातन सेना की ओर से सुनील राय, पवन केवट, मनोज दीक्षित मामा, दुर्गेश यादव, कार्तिक गोगिया, रोहित राजपूत, आयुष गुप्ता सहित अन्य श्रद्धालु एवं धर्मप्रेमीजन उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें