राहुल गांधी की प्रयागराज यात्रा से पहले पोस्टर से गरमाई सियासत - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 8 अगस्त 2026

राहुल गांधी की प्रयागराज यात्रा से पहले पोस्टर से गरमाई सियासत

  • एसआरएन अस्पताल का नाम बदलने की मांग

Postar-war-varanasi
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रयागराज यात्रा से पहले शनिवार को शहर में पोस्टर के जरिए राजनीतिक संदेश देने का सिलसिला तेज हो गया। एक ओर जहां राहुल गांधी के समर्थन और सरकार के खिलाफ पोस्टर लगाए गए हैं, वहीं दूसरी ओर स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल का नाम बदलकर काकोरी के शहीद ठाकुर रोशन सिंह के नाम पर करने की मांग वाले पोस्टर भी कई स्थानों पर लगाए गए हैं। संयोगवश, स्वरूपरानी नेहरू के परनाती और कांग्रेस नेता राहुल गांधी शनिवार को एसआरएन अस्पताल से कुछ ही दूरी पर स्थित केपी मैदान में छात्रों के साथ संवाद करेंगे। वहीं, शहीद ठाकुर रोशन सिंह के प्रपौत्र शरद सिंह एसआरएन अस्पताल (पूर्व में मलाका जेल) परिसर पहुंचकर अपने पूर्वज को श्रद्धांजलि देंगे और इसके बाद धरने को संबोधित करेंगे। काकोरी ट्रेन कार्रवाई मामले में दोषी ठहराए गए ठाकुर रोशन सिंह को इसी मलाका जेल में फांसी दी गई थी। स्वतंत्रता के बाद मलाका जेल को अस्पताल में तब्दील कर दिया गया और इसका नाम बदलकर स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल कर दिया गया। महुआ डाबर संग्रहालय के संस्थापक डॉ. शाह आलम के नेतृत्व में एसआरएन अस्पताल में पांच अगस्त से नाम परिवर्तन की मांग को लेकर आंदोलन किया जा रहा है । वहीं, शहर के विभिन्न स्थानों और प्रमुख मार्गों पर कांग्रेस की ओर से पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं, जिन पर “जॉब दो या इस्तीफा दो” और “जॉब नहीं मिलेगी तो सिंहासन हिलेगा” जैसे नारे लिखे हैं। दूसरी ओर, ठाकुर रोशन सिंह को समर्पित पोस्टरों पर लिखा है, “काकोरी के नायक ठाकुर रोशन सिंह का सम्मान करो। जहां शहीद हुए आजादी के क्रांतिकारी, उस पर भी परिवार की ही कब्जेदारी। स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय का नाम अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह चिकित्सालय करो।”

कोई टिप्पणी नहीं: