सीहोर : शासकीय हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में संस्कृत विषय चयन को लेकर निर्देश - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 11 अगस्त 2026

सीहोर : शासकीय हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में संस्कृत विषय चयन को लेकर निर्देश

Sanskrit-in-sehore-school
सीहोर ।  महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान, मध्यप्रदेश ने प्रदेश के समस्त जिलों के शासकीय हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में संस्कृत विषय के चयन एवं अध्यापन को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। संस्थान के निदेशक रविंद्र कुमार सिंह द्वारा समस्त जिला शिक्षा अधिकारियों को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि जिन हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में संस्कृत शिक्षक वर्ग-1 कार्यरत हैं, उन विद्यालयों में कक्षा 9वीं एवं 11वीं में विद्यार्थियों को संस्कृत विषय का अध्यापन कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। पत्र में निर्देशित किया गया है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 से कक्षा 9वीं एवं 11वीं में विद्यार्थियों को संस्कृत विषय चयन के लिए प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही संस्कृत विषय चुनने वाले विद्यार्थियों एवं संबंधित संस्कृत शिक्षकों की जानकारी निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। संस्थान द्वारा विद्यालयों से कक्षा 9वीं एवं 11वीं में संस्कृत विषय चयन करने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या तथा कुल विद्यार्थियों की संख्या सहित आवश्यक जानकारी मांगी गई है। इसके अतिरिक्त विद्यालय में कार्यरत संस्कृत शिक्षक का नाम एवं मोबाइल नंबर भी निर्धारित प्रपत्र में दर्ज करने को कहा गया है। पत्र की प्रतिलिपि प्रमुख सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग; आयुक्त, लोक शिक्षण संचालनालय; समस्त संभागीय संयुक्त संचालक लोक शिक्षण तथा समस्त जिला संस्कृत प्रभारी को भी आवश्यक कार्रवाई एवं सूचना के लिए भेजी गई है। संस्कृत विषय के प्रति विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने तथा विद्यालय स्तर पर संस्कृत शिक्षा को प्रभावी बनाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं: