सीहोर : डाक कांवड़ लेकर कुबेरेश्वरधाम पहुंचे शिवभक्त, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा क्षेत्र - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 18 अगस्त 2026

सीहोर : डाक कांवड़ लेकर कुबेरेश्वरधाम पहुंचे शिवभक्त, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा क्षेत्र

  • नर्मदापुरम से धाम तक दौड़ते हुए पहुंचे युवा कांवड़िए, बारिश-धूप भी नहीं रोक सकी भक्ति, पंडित राघव मिश्रा बोले-भगवान शिव की आराधना करने वाला भक्त कभी निराश नहीं होता

Dak-kanwar-sehore
सीहोर। सावन मास में शहर के सीवन नदी तट से लेकर प्रसिद्ध कुबेरेश्वरधाम तक इन दिनों शिवभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। मंगलवार को बड़ी संख्या में शिवभक्त डाक कांवड़ लेकर कुबेरेश्वरधाम पहुंचे। नर्मदापुरम से पवित्र जल लेकर निकले युवा कांवड़िए तेज गति से दौड़ते हुए धाम पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। डाक कांवड़ यात्रा के दौरान रास्तेभर हर-हर महादेव, बम-बम भोले, जय भोलेनाथ और श्री शिवाय नमस्तुभ्यं के जयकारे गूंजते रहे। भगवा वस्त्रों में दौड़ते हुए कांवड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बारिश, धूप और लंबी दूरी की थकान भी शिवभक्तों के कदम नहीं रोक सकी।


सड़कों पर आकर्षण का केंद्र बने डाक कांवड़िए

नर्मदापुरम से कुबेरेश्वरधाम तक डाक कांवड़ लेकर पहुंचे युवाओं का जगह-जगह लोगों ने उत्साह बढ़ाया। कांवड़ियों के धाम पहुंचने पर विठलेश सेवा समिति की ओर से पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला सहित अन्य सेवाभावी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। धाम पहुंचकर कांवड़ियों ने धार्मिक परंपरा के अनुसार भगवान शिव का जलाभिषेक किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सड़कों पर दौड़ते हुए डाक कांवड़ियों का दृश्य श्रद्धालुओं और राहगीरों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। हजारों शिवभक्तों के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय नजर आया।


भव्य कांवड़ यात्रा में झांकियों ने मोहा मन

इससे पहले देर शाम कथा वाचक पंडित राघव मिश्रा के मार्गदर्शन में भव्य कांवड़ यात्रा भी निकाली गई। यात्रा में इंदौर का प्रसिद्ध श्याम बैंड-बाजा और आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। भक्ति गीतों और भगवान शिव के जयकारों के बीच श्रद्धालु उत्साह से यात्रा में शामिल हुए। विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था के चलते युवा पूरे उत्साह के साथ डाक कांवड़ यात्रा पूरी कर रहे हैं। धाम पर पहुंचने के बाद कांवड़ियों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। उन्होंने बताया कि सावन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में शिवभक्त कुबेरेश्वरधाम पहुंच रहे हैं और सेवा कार्यों के माध्यम से श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है।


शिव आराधना से जीवन को मिलती है सकारात्मक दिशा-पंडित राघव मिश्रा

कथा वाचक पंडित राघव मिश्रा ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए भगवान शिव की महिमा का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की आराधना करने वाला भक्त कभी निराश नहीं होता। भोलेनाथ अपने प्रत्येक भक्त की पुकार सुनते हैं। शिव भक्ति में इतनी शक्ति है कि वह मनुष्य के जीवन की दिशा बदल सकती है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव पर अटूट विश्वास रखते हुए नियमित रूप से उनकी आराधना करनी चाहिए। शिव भक्ति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मनुष्य के विचार, व्यवहार और कर्मों को सकारात्मक दिशा देने का माध्यम भी है। पंडित राघव मिश्रा ने कहा कि भगवान शिव की भक्ति व्यक्ति को अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित करती है। सच्ची श्रद्धा, नियम और विश्वास के साथ शिव आराधना करने से मनुष्य को नई ऊर्जा मिलती है और वह जीवन में बेहतर मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होता है।

कोई टिप्पणी नहीं: