मधुबनी : घोघरडीहा थाना द्वारा फर्जी पासपोर्ट व अवैध विदेशी वीजा गिरोह का पर्दाफाश - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 7 सितंबर 2026

मधुबनी : घोघरडीहा थाना द्वारा फर्जी पासपोर्ट व अवैध विदेशी वीजा गिरोह का पर्दाफाश

  • विभिन्न राज्यों के 62 पासपोर्ट, मोटरसाईकिल एवं 04 मोबाइल के साथ गिरोह के 04 शातिर सदस्य गिरफ्तार
  • रूस, गल्फ के देशों में नौकरी लगवाने का झांसा देकर पैसे ठगने का करते थे अपराध

Fake-pasport-madhubani
मधुबनी/घोघरडीहा, 07 सितंबर (रजनीश के झा) । वरीय पुलिस अधीक्षक, मधुबनी एवं पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन में मधुबनी पुलिस द्वारा विधि व्यवस्था संधारण एवं अपराध नियंत्रण के दृष्टिकोण से लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा हैं। इसी क्रम में दिनांक-06/07.09.2026 की मध्य रात्रि समय करीब 02:00 बजे घोघरडीहा थाना की पुलिस टीम हनुमान चौक के पास रात्रि गश्ती एवं विशेष वाहन चेकिंग अभियान पर थी तो शत्रुपट्टी की ओर से आ रहे 01 मोटरसाइकिल सवार 02 व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर अचानक बाइक घुमाकर भागने लगे। पुलिस बल द्वारा तत्परता दिखाते हुए दोनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान मो० इरशाद एवं रफी अहमद के रूप में हुई। उनके पास मौजूद काले रंग के बैग तथा मोटरसाइकिल की विधिवत तलाशी लेने पर बैग से भारत के विभिन्न राज्यों एवं जिलों से निर्गत कुल 62 मूल पासपोर्ट, 05 खाली रजिस्ट्री लिफाफे एवं 02 मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में मो० इरशाद ने बताया कि उसके पिता मो० आरजू द्वारा गांव के ग्रामीण डाक सेवक मो० अदनान हुसैन के पते पर देश के अलग-अलग हिस्सों से विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर पासपोर्ट मंगवाए जाते हैं। इसके बाद वे दोनों इन पासपोर्ट्स को पटना एवं कानपुर के एजेंटों (मयंक व श्रवण) तक पहुंचाने का काम करते हैं।


प्राप्त स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल सघन छापामारी करते हुए मुख्य सरगना मो० आरजू तथा डाककर्मी मो० अदनान हुसैन को भी उनके घरों से विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया तथा उनके पास से 02 मोबाइल फोन जब्त किए गए। पूछताछ में मो० आरजू ने बताया कि रूस में रहने के दौरान वह अंतरराष्ट्रीय एजेंटों के संपर्क में आया था। वर्ष 2024 से वह डाककर्मी की मिलीभगत से नौकरी का प्रलोभन देकर पासपोर्ट मंगाता था तथा प्रति पासपोर्ट 2-2 लाख रूपया लेकर टूरिस्ट वीजा पर अवैध रूप से विदेश भेजता था। साथ ही अन्य लोगों के नाम पर फर्जी पासपोर्ट व दस्तावेज तैयार कर तस्करी का सिंडिकेट चला रहा था। इस संदर्भ में घोघरडीहा थाना द्वारा सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार चारों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस द्वारा गिरोह से जुड़े पटना व कानपुर के एजेंटों की गिरफ्तारी हेतु विधि सम्मत अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं: