वाराणसी : बाढ़ में राहत की रफ्तार तेज, दो दिन में सड़क के गड्ढे होंगे दुरुस्त - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 3 सितंबर 2026

वाराणसी : बाढ़ में राहत की रफ्तार तेज, दो दिन में सड़क के गड्ढे होंगे दुरुस्त

  • मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने राहत कार्यों की समीक्षा की, बोले- प्रभावित हर व्यक्ति तक पहुंचे सरकारी मदद

Flood-relief-prepration-varanasi
वाराणसी (सुरेश गांधी)। गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने बुधवार को सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति को शासन की राहत सुविधाएं प्राथमिकता पर उपलब्ध कराई जाएं। राहत शिविरों में रहने, भोजन और जरूरत के अनुसार चिकित्सा सुविधा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित हो। मंत्री ने शिविरों में रह रहे बुजुर्गों और बच्चों के लिए दूध व फल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। चेतावनी बिंदु पार होने की सूचना से लोगों में भय न फैले, इसके लिए प्रशासन को लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों को भरोसा दिलाने को कहा। राहत शिविरों में निर्बाध बिजली आपूर्ति और बाढ़ प्रभावित पशुओं के लिए पर्याप्त चारे की व्यवस्था के भी निर्देश दिए। बरसात में क्षतिग्रस्त सड़कों और गड्ढों को दो दिन के भीतर हर हाल में दुरुस्त कराने तथा गलियों में स्ट्रीट लाइट चालू रखने को कहा। बाद में मंत्री ने जेपी मेहता राहत शिविर पहुंचकर प्रभावित परिवारों को खाद्यान्न किट बांटे और उनका कुशलक्षेम पूछा। बच्चों को चॉकलेट भी दी।


जरूरी इंतजाम

35 नावें राहत कार्य में लगाई गईं। सभी नावों पर टॉर्च के साथ एक-एक पुलिसकर्मी तैनात रहेगा। 16 बाढ़ राहत चौकियों पर मेडिकल टीमें सक्रिय हैं। राहत शिविरों में तीन समय भोजन, नाश्ता, दूध-फल और सुरक्षा की व्यवस्था है। अब तक एक तहसील के 14 गांव प्रभावित बताए गए हैं। पशुओं के लिए 692 कैंपों के माध्यम से जरूरी दवाएं वितरित की जा चुकी हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: