- राम के नाम पर सत्ता में आने वाले रामभक्त को ही जबरदस्ती हटाने में लगे
- मुख्यमंत्री के गृह जिले में हो रहे इस धर्म विरोधी कृत्य पर उनकी चुप्पी शर्मनाक : पंकज शर्मा

सीहोर। उज्जैन में सिंहस्थ और विकास कार्यों की आड़ लेकर धर्म के साथ खिलवाड़ करने के मामले में कांग्रेस पार्टी की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। जिला कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा ने एक बयान जारी कर इस धर्म विरोधी निर्णय के लिए राज्य सरकार की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा है कि पिछले कई दिनों से जिस प्रकार की तस्वीरें और वीडियो सामने आ रहे हैं, उससे सनातन के साथ ही देश की छवि भी धूमिल हो रही है। जिस प्रकार जेसीबी से और जंजीरों में जकड़कर वहां से हनुमानजी की प्रतिमा को हटाने की कोशिश की जा रही है, उससे सनातन की प्रतिष्ठा पूरी तरह चूर-चूर हो गई है। पंकज शर्मा ने कहा कि ये और भी दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि जो भाजपा राम भगवान के नाम पर सत्ता में आई थी, उसी की सरकार में रामभक्त हनुमानजी जी की प्रतिमा के साथ ऐसा दुर्व्यवहार होना घोर आपत्तिजनक और निंदनीय है। उन्होंने आगे कहा कि ये और भी आश्चर्यजनक और विचारणीय तथ्य है कि मुख्यमंत्री के गृह जिले उज्जैन में इतनी बड़ी घटना हो रही है और मुख्यमंत्री इस मामले में पूरी तरह चुप्पी साधे हुए हैं। अपने जिले में चल रहे इतने बड़े घटनाक्रम पर मुख्यमंत्री का मौन कई सवालों को जन्म दे रहा है तथा इस पूरे मामले में मुख्यमंत्री की पूर्ण सहमति और संलिप्तता को दर्शा रहा है। पंकज शर्मा ने सिंहस्थ और विकास कार्यों की आड़ में किए जा रहे इस अधार्मिक कृत्य की कड़ी आलोचना करते हुए तत्काल इस पर रोक लगाने और उसी स्थान पर भव्य हनुमान मंदिर बनाने की मांग राज्य सरकार से की है। उन्होंने कहा है कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी तो इनको सच्चाई का आईना दिखाते हुए इस अनैतिक कार्य का पुरजोर विरोध करेगी ही, साथ ही आगामी चुनावों में रामभक्त हनुमानजी सहित करोड़ों रामभक्त सनातनी भी इन फर्जी रामभक्तों को करारा सबक सिखाएंगे तथा हवा में उड़ने वाले इन भाजपाईयों को निश्चित ही सड़क पर लेकर आएंगे और पूरे देश से इनका सफाया हो जाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें