मधुबनी : मद्यनिषेध टीम की बड़ी कार्रवाई, दो अलग-अलग स्थानों से 107 कार्टन विदेशी शराब जब्त - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 14 अक्टूबर 2026

मधुबनी : मद्यनिषेध टीम की बड़ी कार्रवाई, दो अलग-अलग स्थानों से 107 कार्टन विदेशी शराब जब्त

  • जिलाधिकारी ने दुर्गा पूजा के मद्देनजर अधिकारियों को एलर्ट एंड एक्टिव रहने तथा शराब तस्करी एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध छापेमारी अभियान तेज करने का सख्त निर्देश

Alcohal-seized-madhubani
मधुबनी, 14 अक्टूबर, (रजनीश के झा) । जिले में मद्यनिषेध कानून के प्रभावी अनुपालन तथा अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर मद्यनिषेध विभाग की विभिन्न टीमों ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की है। दोनों स्थानों से कुल 107 कार्टन विदेशी शराब बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित मात्रा लगभग 960 लीटर  है। इस मामले में संबंधित मकान मालिक के विरूद्ध झंझारपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। ज्ञातव्य हो कि मद्यनिषेध विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से विदेशी शराब का भंडारण किया गया है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए विभाग की विभिन्न टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए झंझारपुर मे दो स्थानों पर छापेमारी की गई । छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। जब्त शराब को नियमानुसार अभिरक्षा में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

 

फिलहाल आरोपित फरार बताए जा रहे हैं। उनकी पहचान, संलिप्तता तथा अवैध शराब के भंडारण और आपूर्ति से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मद्यनिषेध विभाग की टीम मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है। जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है।  1 जनवरी 2026 से 13 अक्टूबर 2026 तक जिले में कुल 23,005 छापेमारी की गई। इस दौरान मद्यनिषेध कानून के उल्लंघन के मामलों में 3,363 अभियोग दर्ज किए गए तथा 3,340 लोगों की गिरफ्तारी हुई। कार्रवाई के दौरान  कुल 94,483.935 लीटर शराब जब्त किये गये। इसमें 72,559.750 लीटर देशी शराब तथा 21,924.185 लीटर विदेशी शराब शामिल है। इसके अतिरिक्त 29.242 किलोग्राम गांजा और 5.600 किलोग्राम अन्य मादक पदार्थ भी जब्त किए गए। अवैध कारोबार में इस्तेमाल किए जा रहे 435 वाहनों को भी जब्त किया गया है।


प्रशासन एलर्ट एंड एक्टिव तथा छापेमारी अभियान तेज

आगामी दुर्गा पूजा के मद्देनजर जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने तथा अवैध शराब के उत्पादन, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जिलाधिकारी श्री आनंद शर्मा ने मद्यनिषेध एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को अलर्ट एंड एक्टिव रहने तथा छापेमारी  अभियान तेज करने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि पर्व-त्योहार के दौरान अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर नियमित निगरानी रखें तथा गुप्त सूचनाओं के आधार पर संवेदनशील स्थानों पर सघन छापेमारी अभियान चलाएं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अवैध शराब के भंडारण स्थलों, संभावित आपूर्ति मार्गों तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए। साथ ही, सूचना प्राप्त होते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। उन्होंने मद्यनिषेध एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को पर्व के दौरान लगातार क्षेत्र भ्रमण करने, सूचना तंत्र को मजबूत रखने तथा विधि-व्यवस्था से संबंधित किसी भी संभावित समस्या पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखने और आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करने को कहा है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि दुर्गा पूजा के दौरान शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं: