- पटना के विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों से खराब खाद्य सामग्री जब्त एवं नष्ट
पटना, 13 अक्टूबर (रजनीश के झा) । त्योहारों के मद्देनजर आम लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा विभाग द्वारा पटना सहित राज्य के विभिन्न जिलों में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच एवं कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में पटना के विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान गोवर्धन स्वीट्स में खराब दुर्गंध वाली मिठाई एवं पनीर पाए जाने पर उन्हें जब्त कर नष्ट कराया गया। वहीं, संतोष स्वीट्स से ₹5.24 लाख मूल्य का मिल्क केक एवं पेड़ा जब्त किया गया। अन्य प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, साफ-सफाई, रसोई की स्वच्छता तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन में कमियां पाए जाने पर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। सचिव-सह-खाद्य संरक्षा आयुक्त श्री कुमार रवि के निर्देश पर खाद्य संरक्षा अधिकारियों द्वारा मिठाई दुकानों एवं खाद्य विनिर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, निर्माण एवं भंडारण की स्थिति, प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई तथा निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की जा रही है। अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
पटना के विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों में कार्रवाई
गोवर्धन स्वीट्स, हनुमान नगर, कंकड़बाग, पटना
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में खराब दुर्गंध वाली मिठाई एवं पनीर पाए गए। कार्रवाई के तहत 120 किलोग्राम छेना मिठाई, 20 किलोग्राम गुड़ मिठाई, 10 किलोग्राम मिक्स्ड मिठाई तथा 20 किलोग्राम पनीर जब्त कर नष्ट कराया गया। जब्त खाद्य सामग्री में छेना मिठाई एवं पनीर का कुल मूल्य ₹41,000 आंका गया। प्रतिष्ठान से खोआ एवं पनीर के नमूने संग्रहित किए गए, जिनमें से दो नमूने खाद्य प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए। संबंधित प्रतिष्ठान को आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के लिए 14 दिनों का इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है।संतोष स्वीट्स, विजय नगर, कंकड़बाग, पटना
खाद्य संरक्षा विभाग की टीम ने संतोष स्वीट्स का निरीक्षण कर मिल्क केक एवं पेड़ा जब्त किया। कार्रवाई के दौरान 3,344 किलोग्राम मिल्क केक, जिसकी कीमत ₹5,01,600, तथा 112 किलोग्राम पेड़ा, जिसकी कीमत ₹22,400 है, जब्त किया गया। जब्त सामग्री का कुल मूल्य ₹5,24,000 है। प्रतिष्ठान से पैक्ड मिल्क केक, खुली खोआ कतली, खुला पेड़ा एवं स्किम्ड मिल्क पाउडर के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए। प्रतिष्ठान को आवश्यक सुधार के लिए 14 दिनों का इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है।शांतिलाल स्वीट्स वेंचर्स, मीठापुर, पटना
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में फर्श एवं दीवारें टूटी हुई पाई गईं। खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। किचन एवं बर्तन धोने के स्थान पर साफ-सफाई की कमी भी पाई गई। इसके अतिरिक्त, पानी की जांच रिपोर्ट एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र प्रस्तुत नहीं किए गए। प्रतिष्ठान में एल्युमिनियम के बर्तनों का उपयोग भी पाया गया। खाद्य संरक्षा विभाग द्वारा अरहर दाल एवं मैदा के 25-25 किलोग्राम के नमूने संग्रहित किए गए। दोनों नमूने जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। प्रतिष्ठान को कमियों में सुधार के लिए 14 दिनों का इंप्रूवमेंट नोटिस दिया गया है।
मेसर्स शालीमार स्वीट्स, कंकड़बाग कॉलोनी, पटना
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में बनाए एवं प्रोसेस किए गए खाद्य पदार्थों की पैकिंग अस्वच्छ तरीके से किए जाने की कमी पाई गई। खाद्य संरक्षा विभाग ने प्रतिष्ठान को खाद्य पदार्थों की सुरक्षित एवं स्वच्छ पैकिंग सुनिश्चित करने तथा निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया है। आवश्यक सुधार के लिए 14 दिनों का इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है।
दाऊजी मिष्ठान भंडार, कदमकुआं पटना
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में नारियल बर्फी एवं मैदा के दो नमूने संग्रहित किए गए। निरीक्षण में खाद्य पदार्थों के भंडारण के लिए स्टील के बर्तनों का उपयोग नहीं किए जाने, किचन क्षेत्र में बाथरूम एवं स्नानघर पाए जाने तथा खाद्य और अखाद्य पदार्थों को एक साथ रखे जाने जैसी कमियां सामने आईं। इसके अलावा, प्रतिष्ठान में मेडिकल रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट और जल जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं पाई गई। कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता में भी कमी पाई गई। साथ ही, प्रतिष्ठान में खाद्य लाइसेंस की प्रति प्रदर्शित नहीं थी। निरीक्षण के दौरान किसी खाद्य सामग्री को जब्त या नष्ट नहीं किया गया।
रुचि स्वीट्स, कदमकुआं पटना
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में काजू कतली एवं लड्डू के दो नमूने संग्रहित किए गए। निरीक्षण में प्रतिष्ठान में गंदगी, कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट का अभाव तथा विनिर्माण क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था नहीं होने जैसी कमियां पाई गईं। इसके अतिरिक्त, खाद्य एवं अखाद्य वस्तुओं को एक साथ रखा गया था, जो खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों के अनुरूप नहीं है। निरीक्षण के दौरान किसी भी खाद्य सामग्री को जब्त या नष्ट नहीं किया गया।
लड्डू गोपाल स्वीट्स, बहादुरपुर, पटना
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में पेड़ा एवं खोवा के नमूने संग्रहित किए गए। निरीक्षण में प्रतिष्ठान के रोशनदान में जाली नहीं होने, बैरल रखे जाने के कारण भंडार गृह में गंदगी पाए जाने जैसी कमियां सामने आईं। इसके अलावा, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र, जल जांच रिपोर्ट एवं पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की गई। खाद्य सामग्री के भंडारण एवं उपयोग में FIFO (पहले आया, पहले उपयोग) और FEFO (जिसकी समाप्ति तिथि पहले, उसका पहले उपयोग) नियमों का पालन भी नहीं पाया गया। निरीक्षण के दौरान किसी भी खाद्य सामग्री को जब्त या नष्ट नहीं किया गया।
रॉयल पार्क सेलिब्रेशन रेस्टोरेंट, पटना
निरीक्षण के दौरान एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों को जब्त कर नियमानुसार नष्ट किया गया। न्यूट्रालाइट, MDH जीरा पाउडर के 75 ग्राम के तीन पैकेट तथा एवरेस्ट शाही बिरयानी मसाला के 50 ग्राम के दो पैकेट । खाद्य संरक्षा विभाग द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और कार्रवाई लगातार जारी है।
खाद्य कारोबारियों को मानकों के पालन का निर्देश
खाद्य संरक्षा विभाग ने सभी मिठाई दुकानदारों एवं खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिया है कि वे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण एवं स्वच्छ पैकिंग सुनिश्चित करें। खराब दुर्गंध वाली, दूषित अथवा अनुपयोगी खाद्य सामग्री का उपयोग एवं बिक्री नहीं की जाए। प्रतिष्ठानों में नियमित साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, सुरक्षित खाद्य प्रसंस्करण तथा कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत स्वच्छता संबंधी मानकों का पालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। आगामी त्योहारों के दौरान आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जांच अभियान लगातार चलाया जाएगा।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें